Monday , 19 October 2026

राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में कक्षा 6 और 9 में एडमिशन का मौका, 20 अक्टूबर तक करें आवेदन; जानें योग्यता और फीस

एजुकेशन डेस्क: राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख नजदीक आ गई है। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (RMS CET) 2026 के जरिए प्रवेश पाने के इच्छुक छात्र जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर 2026 तय की गई है। इसके बाद निर्धारित अतिरिक्त शुल्क के साथ भी आवेदन का मौका मिलेगा।

RMS CET 2026 की महत्वपूर्ण तारीखें

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख: 23 सितंबर 2026
  • बिना लेट फीस आवेदन की अंतिम तारीख: 20 अक्टूबर 2026, शाम 5 बजे तक
  • आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 20 अक्टूबर 2026, रात 11:50 बजे तक
  • विलंब शुल्क के साथ आवेदन: 21 से 25 अक्टूबर 2026, शाम 5 बजे तक
  • विलंब शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख: 25 अक्टूबर 2026, रात 11:50 बजे तक
  • आवेदन फॉर्म में सुधार: 27 और 28 अक्टूबर 2026

राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल के लिए ऐसे करें आवेदन

RMS CET 2026 में शामिल होने के लिए छात्र ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने के लिए इन चरणों का पालन करें।

  1. सबसे पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के RMS CET आवेदन पोर्टल पर जाएं।
  2. होम पेज पर ‘RMS CET – 2026 Online Application’ विकल्प चुनें।
  3. ‘New Registration’ पर क्लिक करके मांगी गई जानकारी दर्ज करें और पंजीकरण पूरा करें।
  4. इसके बाद आवेदन फॉर्म में शैक्षणिक और अन्य जरूरी विवरण भरें।
  5. निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
  6. अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क जमा करें।
  7. फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी प्रति डाउनलोड करके प्रिंट निकाल लें।

कौन कर सकता है आवेदन?

राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में प्रवेश के लिए केवल सेना या रक्षा सेवाओं से जुड़े परिवारों के बच्चे ही पात्र नहीं हैं। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले आम नागरिकों के बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से कॉमन एंट्रेंस टेस्ट आयोजित किया जाता है।

कक्षा 6 और 9 के लिए शैक्षणिक योग्यता और उम्र

कक्षा 6 में प्रवेश के लिए छात्र का पांचवीं कक्षा पास होना या उसमें पढ़ाई करना जरूरी है। आयु की गणना 31 मार्च 2027 के आधार पर की जाएगी। इस तारीख को छात्र की उम्र 10 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

कक्षा 9 में प्रवेश के लिए छात्र का आठवीं कक्षा पास होना या उसमें अध्ययनरत होना आवश्यक है। आयु सीमा के अनुसार 31 मार्च 2027 को छात्र की उम्र 10 से 16 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन करने से पहले संबंधित प्रवेश सूचना में आयु और शैक्षणिक योग्यता की विस्तृत शर्तों की जांच करना जरूरी है।

कितना देना होगा आवेदन शुल्क?

RMS CET 2026 के लिए सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी और ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मियों के आश्रितों के लिए शुल्क 750 रुपये निर्धारित किया गया है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने पर 500 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे।

परीक्षा पास करने के बाद भी जरूरी हैं ये शर्तें

राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए RMS CET 2026 में शामिल होना जरूरी है। हालांकि, परीक्षा में सफल होने मात्र से दाखिला सुनिश्चित नहीं होता। उम्मीदवारों को मेरिट, उपलब्ध सीटों, मेडिकल फिटनेस और दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित निर्धारित शर्तें भी पूरी करनी होंगी।

देश में कहां-कहां हैं राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल?

देश में कुल पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल हैं। इनके नाम और स्थान इस प्रकार हैं:

  1. राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, चैल — हिमाचल प्रदेश
  2. राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, अजमेर — राजस्थान
  3. राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, धौलपुर — राजस्थान
  4. राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, बेलगाम — कर्नाटक
  5. राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, बेंगलुरु — कर्नाटक

Check Also

अष्टमी पर सोना खरीदने वालों को राहत! एक हफ्ते में ₹3,760 तक गिरा भाव, जानें दिल्ली-लखनऊ समेत 10 शहरों के रेट

बिजनेस डेस्क: नवरात्रि के दौरान सोने-चांदी की खरीदारी करने की योजना बना रहे लोगों के …