Friday , 2 October 2026

लखनऊ में सपा की ‘अस्थिकलश यात्रा’ पर पुलिस की कार्रवाई, कार्यकर्ताओं को कंधे-गोद में उठाकर ले गई पुलिस

यूपी डेस्क: लखनऊ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक अस्थिकलश यात्रा निकाली और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर जाने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।

हजरतगंज में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की

सपा कार्यकर्ता सुबह करीब 12 बजे जनपथ मार्केट के पास एकत्र हुए थे। इसके बाद वे विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। हजरतगंज में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा और धक्का-मुक्की हुई।

पुलिस जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने लगी तो कई महिला और पुरुष कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर और कुछ को घसीटते हुए वैन तक ले गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की और कपड़े तक फाड़ दिए।

कंधे और गोद में उठाकर वैन तक ले गई पुलिस

प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी कई कार्यकर्ताओं को अपने हाथों और कंधे के सहारे उठाकर वैन तक ले जाते दिखाई दिए। कुछ प्रदर्शनकारियों को सड़क से घसीटकर भी ले जाया गया। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बाद में ईको गार्डन भेज दिया गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में अस्थिकलश लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए।

कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

बाराबंकी से प्रदर्शन में पहुंचे अभिषेक यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

अभिषेक यादव ने दावा किया कि 35 करोड़ से ज्यादा वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इशारे पर पूरा चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।

‘चुनाव आयोग का अस्थि विसर्जन करने निकले हैं’

अस्थिकलश लेकर प्रदर्शन में पहुंचे छोटू ने कहा कि वे चुनाव आयोग का अस्थि विसर्जन करने निकले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है और लगातार बेईमानी की जा रही है।

छोटू ने कहा कि उनके मुताबिक चुनाव आयोग मर चुका है और कलश में उसकी राख है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और पश्चिम बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश को भी प्रभावित करने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से नहीं हटाया जाता, तब तक उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं होने देंगे। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से लोकतंत्र कमजोर हुआ है।

रिंकी सिंह बोलीं- लंबे समय से उठाया जा रहा वोट चोरी का मुद्दा

प्रदर्शन में शामिल रिंकी सिंह ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की ओर से कई बार इसके सबूत भी दिए गए, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

रिंकी सिंह ने कहा कि एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर फिर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

 

Check Also

गांधी जयंती पर सीएम योगी ने चलाया चरखा, बोले- आत्मनिर्भर भारत की नींव है स्वदेशी और स्वावलंबन

यूपी डेस्क: गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी आश्रम …