
गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक नाबालिग किशोर की मौत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने घटना को निर्मम हत्या करार देते हुए प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ़कर ऐसी सजा दिलाई जाएगी, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखेंगी।
गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बुधवार को हुए सपा के रोड शो का जिक्र करते हुए पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान एक नाबालिग लड़के को इसका शिकार बना दिया गया। योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का इतिहास गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी माफिया के साथ खड़ी रहती है और जनता के साथ हमेशा धोखा करती आई है।
‘डंडे के बल पर ही सीधे होंगे गुंडे और माफिया’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आखिर उस मासूम की गलती क्या थी? उन्होंने गुंडों और माफिया पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे तत्वों पर सख्ती से ही लगाम लगाई जा सकती है। योगी के मुताबिक, उनकी सरकार ने पहले भी गुंडागर्दी पर अंकुश लगाया है और अब दोबारा ऐसे लोगों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बुधवार को सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन से साफ कहा गया है कि ऐसे लोगों को ढूंढ़कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि प्रदेश की सड़कें आम लोगों के सुगम आवागमन के लिए हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। अगर किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
झंगहा से पढ़ने आया था किशोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ाई करने आए किशोर की सपा के रोड शो के दौरान मौत हो गई। वह अपने पिता और परिवार के साथ रहता था। योगी ने घटना को निर्मम हत्या बताते हुए कहा कि माफिया और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने वाले लोग इस मामले पर मौन हैं और उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना का एक शब्द तक नहीं कहा।
पीड़ित परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा भी की। उन्होंने प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Navyug Samachar