एक लाख से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर हाजीपुर में बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। मुख्य मंच, पंडाल और आसपास की सड़कों को सजाया गया है। पूरे क्षेत्र में एनडीए नेताओं और राजनीतिक दलों से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री के पहुंचने से करीब दो घंटे पहले नीतीश सेतु पर आवागमन रोक दिया जाएगा। प्रशासन ने इस संबंध में आवश्यक तैयारियां की हैं।
सुरक्षा के लिए हजारों पुलिसकर्मी तैनात
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिला और राज्य स्तर के पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई परेशानी न हो।
संजय सरावगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री राज्य को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं। उनके मुताबिक, कार्यक्रम में 2,500 से अधिक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। इनकी कुल लागत 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
सरावगी ने नीतीश कुमार के नाम पर बने पुल के उद्घाटन का विरोध करने को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह रुख बिहार की जनता को स्वीकार नहीं होगा और लोग इसे माफ नहीं करेंगे।
लालू परिवार पर भी लगाए आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लालू यादव और तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि तेजस्वी के माता-पिता ने बिहार में 15 साल तक शासन किया, लेकिन उनके कार्यकाल में एक भी पुल या पुलिया नहीं बनवाई गई। उन्होंने दावा किया कि लालू यादव के शासनकाल में चरवाहा विद्यालय और चारा घोटाला ही प्रमुख रूप से चर्चा में रहे।
सरावगी ने कहा कि यदि उस दौरान कोई बड़ा विकास कार्य हुआ होता तो आज जनता उसे याद करती। ये आरोप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के दौरे से पहले राजनीतिक बयानबाजी के दौरान लगाए हैं।
Navyug Samachar