Monday , 5 October 2026

10 साल का प्यार, एक साल पहले सगाई… अब जॉर्जिना की दुल्हन बनीं रोनाल्डो की जिंदगी की खास शख्स, अंगूठी वाली तस्वीर से शादी की खबर पक्की

स्पोर्ट्स डेस्क: फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लंबे समय से गर्लफ्रेंड रहीं जॉर्जिना रोड्रिग्ज से शादी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने मंगलवार को पुर्तगाल में कोर्ट मैरिज की। करीब 10 साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। रोनाल्डो और जॉर्जिना ने सोशल मीडिया पर अंगूठियां पहने तस्वीरें भी साझा की हैं।

2016 में हुई थी रोनाल्डो और जॉर्जिना की मुलाकात

क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिग्ज की मुलाकात 2016 में मैड्रिड में हुई थी। इसके बाद दोनों का रिश्ता आगे बढ़ा और 2017 की शुरुआत में दोनों ने अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। इसी दौरान दोनों पहली बार ज्यूरिख में आयोजित फीफा फुटबॉल अवॉर्ड्स में साथ नजर आए थे।

करीब एक दशक से दोनों साथ हैं और इस दौरान उनका परिवार भी बढ़ा। रोनाल्डो और जॉर्जिना अक्सर सोशल मीडिया पर साथ और बच्चों के साथ तस्वीरें साझा करते रहे हैं।

ठीक एक साल पहले हुई थी सगाई

रोनाल्डो और जॉर्जिना ने 12 अगस्त 2025 को सगाई की थी। सगाई के बाद जॉर्जिना ने सोशल मीडिया पर अपनी एंगेजमेंट रिंग की तस्वीर साझा की थी। उन्होंने तस्वीर के साथ रोनाल्डो के प्रति अपने प्यार का इजहार भी किया था।

अब सगाई के ठीक एक साल बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं। शादी के बाद दोनों ने अंगूठियां पहने हुए तस्वीरें साझा कीं।

चार बच्चों के माता-पिता हैं रोनाल्डो और जॉर्जिना

जॉर्जिना स्पेनिश मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। रोनाल्डो और जॉर्जिना के चार बच्चे हैं। एवा मारिया और मातेओ का जन्म 2017 में सरोगेसी के जरिए हुआ था।

इसी साल जॉर्जिना ने बेटी अलाना मार्टिना को जन्म दिया था। इसके बाद 2022 में उनकी बेटी बेला एस्मेराल्डा का जन्म हुआ।

इसके अलावा रोनाल्डो के एक और बेटे क्रिस्टियानो रोनाल्डो जूनियर हैं, जिनका जन्म 2010 में हुआ था। रोनाल्डो ने उनके जन्म के समय उनकी मां की पहचान सार्वजनिक नहीं की थी। उन्होंने कहा था कि बच्चे की मां अपनी पहचान गोपनीय रखना चाहती हैं और बेटे की जिम्मेदारी तथा कस्टडी वह खुद संभालेंगे।

आखिरी वर्ल्ड कप में भावुक हुए थे रोनाल्डो

रोनाल्डो ने इसी साल पुर्तगाल के लिए अपना आखिरी फीफा वर्ल्ड कप खेला। पुर्तगाल की टीम जुलाई में राउंड ऑफ-16 के मुकाबले में स्पेन से 1-0 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

इस मुकाबले से पहले रोनाल्डो ने घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी फीफा वर्ल्ड कप होगा। स्पेन के खिलाफ हार के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाते समय भावुक देखा गया था। उनकी आंखों में आंसू थे और प्रशंसकों ने तालियां बजाकर उन्हें सम्मान दिया।

रोनाल्डो का वर्ल्ड कप करियर 27 मैचों के साथ खत्म हुआ। वह सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने विश्व कप में कुल 11 गोल किए।

900 गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी

रोनाल्डो ने पिछले साल 5 सितंबर को क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले में अपने करियर का 900वां गोल किया था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने थे।

900 गोल पूरे करने के बाद रोनाल्डो ने सोशल मीडिया पर अपने फुटबॉल सफर से जुड़ा एक वीडियो साझा किया था। उन्होंने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा था कि उन्होंने लंबे समय से इस उपलब्धि का सपना देखा था और अब यह पूरा हो चुका है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि अभी कुछ और सपने पूरे करने बाकी हैं।

रोनाल्डो की कमाई 2,800 करोड़ रुपये के पार

41 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस समय दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हैं। पिछले एक साल में उनकी अनुमानित कमाई 300 मिलियन डॉलर यानी करीब 2,858.25 करोड़ रुपये रही है।

उनकी कमाई में मैदान पर खेलने से मिलने वाली सैलरी और बोनस के अलावा विज्ञापन और अन्य कारोबारी गतिविधियों से होने वाली आय भी शामिल है। सऊदी अरब के क्लब अल-नासर के लिए खेलने वाले रोनाल्डो दुनिया के उन चुनिंदा सक्रिय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिनकी कुल संपत्ति 1 अरब डॉलर से ज्यादा है।

 

Check Also

भारत-पाकिस्तान फाइनल आज, कब और कहां देखें लाइव? जानें मैच का समय, टीवी चैनल और स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल

निशिन: एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबले का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार, …