
यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को होने वाली उत्तर प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक में 15 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसला हो सकता है। बैठक में विधानसभा का मानसून सत्र बुलाने, 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद, छात्रावास निर्माण, लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं, सरकारी ऋण और सहकारी बैंक को 1500 करोड़ रुपये की शासकीय गारंटी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है।
अगस्त के पहले सप्ताह में बुलाया जा सकता है मानसून सत्र
कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र बुलाने से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। प्रस्ताव के अनुसार सत्र अगस्त के पहले सप्ताह में, तीन अगस्त से शुरू कराया जा सकता है। इस संबंध में अंतिम निर्णय कैबिनेट बैठक में लिया जाएगा।
400 करोड़ रुपये से खरीदी जाएंगी 220 नई इलेक्ट्रिक बसें
परिवहन विभाग की ओर से 220 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल है। इन बसों की खरीद पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश के सार्वजनिक परिवहन बेड़े को और मजबूत किया जाएगा।
वाराणसी में 500 क्षमता वाले छात्रावास के निर्माण का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत वाराणसी में 500 छात्राओं की क्षमता वाले नए छात्रावास के निर्माण की तैयारी की गई है। इसके लिए भूमि आवंटन से जुड़े प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मंजूरी ली जा सकती है।
दो बड़े लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर हो सकता है फैसला
बैठक में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अलावा लखनऊ एक्सप्रेसवे से गंगा एक्सप्रेसवे को फर्रुखाबाद के रास्ते जोड़ने वाली लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए तैयार निविदा दस्तावेजों को भी मंत्रिपरिषद के समक्ष मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
आउटसोर्स सेवा निगम को 20 करोड़ रुपये के ऋण का प्रस्ताव
कैबिनेट बैठक में आउटसोर्स सेवा निगम को ब्याज सहित 20 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इस प्रस्ताव पर भी अंतिम फैसला बैठक में लिया जा सकता है।
कानपुर और वाराणसी से जुड़े विकास कार्यों पर भी होगी चर्चा
कानपुर के नर्वल क्षेत्र में उपनिबंधक कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। वहीं वाराणसी स्थित बसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट फोर्ट परिसर में नए छात्रावास भवन के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव पर भी निर्णय होने की संभावना है।
विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना में बदलाव के प्रस्ताव पर होगी चर्चा
बैठक में विंध्य-पूर्वांचल स्पर लिंक के विकल्प-1 के सिक्स लेन विस्तार को आठ लेन संरेखण में बदलने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही विंध्य एक्सप्रेसवे के विकल्प-3 ग्रीनफील्ड सिक्स लेन विस्तार को भी आठ लेन संरेखण में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
सहकारी ग्राम विकास बैंक को मिल सकती है 1500 करोड़ रुपये की शासकीय गारंटी
कैबिनेट के एजेंडे में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड से जुड़ा प्रस्ताव भी शामिल है। इसके तहत वर्ष 2026-27 में नाबार्ड से 650 करोड़ रुपये तक का ऋण लेने और बैंक को कुल 1500 करोड़ रुपये की शासकीय गारंटी प्रदान करने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है।
दर्जनभर से अधिक प्रस्तावों पर रहेगा फैसला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में परिवहन, आधारभूत ढांचा, शिक्षा, महिला छात्रावास, प्रशासनिक भवन, एक्सप्रेसवे और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया जा सकता है। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद इन परियोजनाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
Navyug Samachar