
करियर डेस्क: टेलीकॉम सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। बीएसएनएल ने जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर (JTO) के 100 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों पर देशभर के योग्य इंजीनियरिंग स्नातकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
कब से शुरू होंगे आवेदन और क्या है अंतिम तिथि
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 जून 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में सुधार करने की सुविधा 4 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक दी जाएगी। वहीं, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) अगस्त 2026 में आयोजित होने की संभावना है।
कैटेगरी वाइज पदों का विवरण
कुल 100 पदों में सामान्य और ओबीसी (क्रीमी लेयर) वर्ग के लिए 61 पद, एससी वर्ग के लिए 12 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 पद और ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) के लिए 6 पद आरक्षित किए गए हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा।
क्या होनी चाहिए योग्यता और आयु सीमा
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई या बीटेक की डिग्री होना जरूरी है। इसके अलावा टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडियो, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल, आईटी और इंस्ट्रूमेंटेशन ब्रांच के अभ्यर्थी पात्र होंगे। एमएससी (इलेक्ट्रॉनिक्स/कंप्यूटर साइंस) और संबंधित विषयों में एमटेक धारक भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया और वेतनमान
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह से कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 16,400 रुपये से 40,500 रुपये प्रति माह के वेतनमान (IDA E-1 पे स्केल) के साथ अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन शुल्क का विवरण
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1,000 रुपये रखा गया है।
Navyug Samachar