नई दिल्ली : पपीता उन फलों में शामिल है, जिन्हें सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। पीले-नारंगी रंग का यह फल कई महत्वपूर्ण पोषक तत्वों और औषधीय गुणों से भरपूर होता है। बदलते मौसम में इसे आहार का हिस्सा बनाना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है।
पपीता शरीर को आवश्यक पोषण देने के साथ-साथ पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में भी मदद करता है। इसमें मौजूद पपैन और काइमोपैपेन नामक एंजाइम भोजन को पचाने में सहायक होते हैं। यही वजह है कि कब्ज जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए भी पपीते का सेवन लाभकारी माना जाता है।
यह फल हृदय स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी माना जाता है। इसमें फोलेट, मैग्नीशियम, पोटैशियम, फाइबर और विटामिन ए जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा बीटा कैरोटीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट शरीर को कई प्रकार के नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। पपीते में कैल्शियम, फॉस्फोरस, आयरन, विटामिन सी, ई और ए भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं।
पत्तों में छिपे हैं कई स्वास्थ्यवर्धक गुण
पपीते के फल की तरह इसके पत्ते भी पोषक तत्वों और एंजाइमों से भरपूर होते हैं। पत्तों में मौजूद पपैन और काइमोपैपेन पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करते हैं और पाचन संबंधी परेशानियों को कम करने में सहायक माने जाते हैं।
इसके अलावा पत्तों में पाए जाने वाले करपैन जैसे अल्कलॉइड यौगिक बालों से जुड़ी समस्याओं, जैसे रूसी और बाल झड़ने की समस्या, में भी उपयोगी माने जाते हैं। पपीते के पत्तों में विटामिन ए, सी, ई, के और बी समूह के विटामिन के साथ कैल्शियम, मैग्नीशियम, सोडियम और आयरन जैसे खनिज भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं।
पत्ते और बीज भी हैं कई फायदों से भरपूर
पपीते के पत्तों को प्लेटलेट काउंट बढ़ाने में सहायक माना जाता है। इनमें मलेरिया-रोधी गुण भी पाए जाते हैं। इसी कारण डेंगू बुखार समेत कई बीमारियों के दौरान इन्हें घरेलू उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
पपीते के प्रमुख फायदे
पपीता पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह खांसी और सर्दी के दौरान भी उपयोगी माना जाता है। महिलाओं में मासिक धर्म के दौरान होने वाले दर्द को कम करने में इसकी भूमिका बताई जाती है। इसके अलावा यह सूजन कम करने, शरीर से अवांछित तत्वों को बाहर निकालने और हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक माना जाता है।
डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए भी पपीता लाभकारी माना जाता है। वहीं कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में भी इसका सेवन प्रभावी माना जाता है।
Navyug Samachar