
लखनऊ डेस्क : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और लोगों को दिनभर झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 24 जून के लिए प्रदेश के 36 जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं और उमस का असर बना रह सकता है, जबकि मानसून की औपचारिक एंट्री के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है।
36 जिलों में लू का अलर्ट, दोपहर में सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, उन्नाव, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, गोंडा, श्रावस्ती, कौशांबी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, अंबेडकरनगर, संत कबीर नगर, देवरिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर और बलिया में लू चलने की संभावना जताई है।
इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
बारिश नहीं, इसलिए लगातार बढ़ रहा तापमान
प्रदेश में बारिश की कमी के कारण गर्मी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सुबह से तेज धूप और दोपहर में गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शाम के समय भी उमस बनी रहने से राहत नहीं मिल रही।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।
मानसून उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा, यूपी में अभी इंतजार
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में पूरी तरह दस्तक दे दी है और अब मानसूनी गतिविधियां मध्य प्रदेश की सीमा तक पहुंच चुकी हैं। भोपाल और आसपास के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर आगे बढ़ रहा है।
हालांकि उत्तर प्रदेश में अभी मानसून की औपचारिक एंट्री नहीं हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो पूर्वी उत्तर प्रदेश से जल्द मानसून की शुरुआत हो सकती है।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रगति संकेतों के अनुसार अगले कुछ दिनों में पूर्वी जिलों में बारिश की शुरुआत संभव है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय हो सकता है और लोगों को भीषण गर्मी तथा लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की जरूरी सलाह
लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम की ताजा स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Navyug Samachar