
ऑटो डेस्क: इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में प्रतिस्पर्धा को और तेज करते हुए स्कोडा ने अपनी नई फ्लैगशिप 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘Peaq’ से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इसे अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो की सबसे बड़ी और प्रीमियम एसयूवी के तौर पर पेश किया है। लंबी ड्राइविंग रेंज, आधुनिक तकनीक और प्रीमियम फीचर्स के साथ यह मॉडल बड़े इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में मुकाबले को और दिलचस्प बनाने वाला है। कंपनी भारतीय बाजार में भी इसकी संभावनाओं पर विचार कर रही है।
नया डिजाइन, प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक अंदाज
नई स्कोडा Peaq को कंपनी की नई डिजाइन भाषा पर तैयार किया गया है। इसके फ्रंट हिस्से में आइब्रो स्टाइल एलईडी डीआरएल के साथ टी-शेप एलईडी मैट्रिक्स हेडलाइट सेटअप दिया गया है। बंद ग्रिल को ग्लॉस ब्लैक फिनिश में तैयार किया गया है, जबकि बोनट पर स्कूप डिजाइन और एयर वेंट्स इसे स्पोर्टी लुक देते हैं।
साइड प्रोफाइल में एयरोडायनामिक डिजाइन वाले 19 और 21 इंच के व्हील विकल्प, फ्लश डोर हैंडल, ब्लैक क्लैडिंग और एलईडी इंडिकेटर के साथ ओवीआरएम दिए गए हैं। पीछे की तरफ बड़ा रूफ स्पॉइलर, शार्क फिन एंटीना और टी-शेप एलईडी टेललाइट्स इसकी मौजूदगी को और दमदार बनाते हैं।
इंटीरियर में टेक्नोलॉजी और लग्जरी का दमदार मेल
स्कोडा ने इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को आधुनिक फीचर्स से लैस किया है। इसमें 13.6 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करता है। इसके साथ 10 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है।
इसके अलावा दो वायरलेस चार्जिंग पैड, सभी सीटों के लिए यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, पैनोरमिक सनरूफ, डिजिटल की फीचर और 16 स्पीकर वाला प्रीमियम साउंड सिस्टम भी दिया गया है।
तीन वेरिएंट्स और 647 किलोमीटर तक की रेंज
नई Skoda Peaq को 60, 90 और 90x वेरिएंट्स में पेश किया जाएगा। यह एसयूवी फॉक्सवैगन के एमईबी इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है।
इसमें 63kWh और 91kWh बैटरी पैक के विकल्प दिए गए हैं। छोटा बैटरी पैक एक बार चार्ज होने पर 459 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है, जबकि बड़ा बैटरी पैक 647 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज उपलब्ध कराता है।
पावर और परफॉर्मेंस भी दमदार
60 वेरिएंट में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर के साथ 204 हॉर्सपावर की ताकत मिलती है और यह 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार 8.6 सेकंड में पकड़ लेती है।
90 वेरिएंट बड़े बैटरी पैक के साथ 286 हॉर्सपावर की क्षमता देता है और 7.1 सेकंड में 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड हासिल कर सकता है।
वहीं टॉप वेरिएंट 90x में ड्यूल मोटर ऑल व्हील ड्राइव सेटअप दिया गया है जो 299 हॉर्सपावर की ताकत देता है। इसकी दावा की गई रेंज 613 किलोमीटर तक है और यह महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
अब किससे होगा मुकाबला?
नई Skoda Peaq को बड़े इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में उतारा गया है, जहां इसका मुकाबला प्रीमियम और लंबी रेंज वाले मॉडलों से होने की उम्मीद है। कंपनी का फोकस उन ग्राहकों पर है जो बड़ी फैमिली एसयूवी के साथ इलेक्ट्रिक तकनीक और प्रीमियम अनुभव चाहते हैं।
Navyug Samachar