Friday , 2 October 2026

बाबा साहेब के अस्थिकलश पर फैली अफवाहों पर सरकार का जवाब, मंत्री बोले- पूरी तरह सुरक्षित है कलश

यूपी डेस्क : डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थिकलश को लेकर चल रही अटकलों और स्थानांतरण संबंधी चर्चाओं पर उत्तर प्रदेश सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इन सभी दावों को निराधार बताते हुए कहा कि बाबा साहेब का अस्थिकलश अपने वर्तमान स्थान पर पूरी सुरक्षा के साथ सुरक्षित रखा गया है और इसे हटाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

मंत्री ने कहा कि संस्कृति विभाग या उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अस्थिकलश के स्थानांतरण को लेकर किसी प्रकार का फैसला नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्थिकलश को हटाए जाने की बातें पूरी तरह भ्रामक हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।

लखनऊ के स्मारक में सुरक्षित है अस्थिकलश

जयवीर सिंह के अनुसार, डॉ. आंबेडकर का अस्थिकलश लखनऊ स्थित आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र, ऐशबाग में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि सरकार बाबा साहेब की स्मृतियों और विरासत के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा स्मारक परिसर का विकास भी निर्धारित योजना के तहत किया जा रहा है।

अंतिम चरण में पहुंचा स्मारक विकास कार्य

पर्यटन मंत्री ने बताया कि स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र के चरणबद्ध विकास के तहत विभिन्न निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। करीब 16.20 करोड़ रुपये की लागत से बाहरी विकास, फसाड और उद्यान से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 85 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। बाउंड्री वॉल, स्टोन क्लैडिंग, तीन प्रवेश द्वार, तोरण द्वार और प्रतिमा के पैडेस्टल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। मुख्य प्रवेश द्वार का अधिकांश कार्य भी अंतिम चरण में है।

आधुनिक ऑडिटोरियम का भी हो रहा निर्माण

स्मारक परिसर में 44.43 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीटों की क्षमता वाला अत्याधुनिक प्रेक्षागृह और ऑडिटोरियम भी विकसित किया जा रहा है। इसके आंतरिक और बाहरी साज-सज्जा से जुड़े कार्य तेजी से चल रहे हैं।

इसके अलावा 43.69 करोड़ रुपये की लागत से कार्यालय भवन, बेसमेंट, प्रतिमा के लिए फाउंडेशन, सब-स्टेशन, पंप रूम, गार्ड रूम, आंतरिक सड़क, सीवर लाइन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है।

अफवाहों से सावधान रहने की अपील

पर्यटन मंत्री ने लोगों से अपील की कि अस्थिकलश को लेकर फैल रही अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत के संरक्षण और स्मारक के विकास के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है तथा सभी परियोजनाएं तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रही हैं।

 

Check Also

सीएम योगी ने 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से किया सम्मानित, शहीद निरीक्षक की पत्नी को भी मिला सम्मान

यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन में अदम्य साहस, …