
नई दिल्ली: पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट को लेकर विवाद अब कर्नाटक से आगे बढ़कर केरल पहुंच गया है। केरल सरकार ने राज्य में बेचे जा रहे E20 पेट्रोल में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तेल कंपनियों को 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल के नमूने उपलब्ध कराने का निर्देश देने की मांग की है।
केरल सरकार इन नमूनों की मदद से राज्य में पेट्रोल के नमूनों की तुलना करना चाहती है, ताकि उनमें एथेनॉल की मिलावट का सही अनुपात पता चल सके। इससे पहले कर्नाटक सरकार ने दावा किया था कि कुछ पेट्रोल नमूनों में निर्धारित 20 प्रतिशत के बजाय 31.2 प्रतिशत तक एथेनॉल पाया गया है। हालांकि, केंद्र सरकार और तेल कंपनियों ने इन दावों को खारिज किया था।
केरल में पेट्रोल के नमूनों की जांच जारी
केरल के नागरिक आपूर्ति विभाग ने इसी महीने की शुरुआत में सार्वजनिक क्षेत्र की अलग-अलग तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने एकत्र किए थे। इन नमूनों को जांच के लिए क्षेत्रीय रासायनिक प्रयोगशाला भेजा गया है।
हालांकि, अभी तक प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। राज्य सरकार का कहना है कि नमूनों में एथेनॉल की मात्रा का सही आकलन करने के लिए 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल के नमूनों से उनकी तुलना करना जरूरी है।
केरल के मंत्री ने तेल कंपनियों से क्या मांग की?
मंत्री अनूप जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को लिखे पत्र में बताया कि नागरिक आपूर्ति विभाग ने तय प्रक्रिया के तहत पेट्रोल के नमूने जुटाकर सरकारी रासायनिक जांच प्रयोगशाला में भेजे हैं। लेकिन इन नमूनों की सही तरीके से तुलना करने के लिए बिना एथेनॉल वाले पेट्रोल की जरूरत है।
उनके मुताबिक, इस तरह के मानक नमूने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) जैसी तेल कंपनियां ही उपलब्ध करा सकती हैं।
मंत्री ने आरोप लगाया कि शुरुआत में तेल कंपनियों ने नमूने देने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने नागरिक आपूर्ति विभाग को मानक नमूने उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की ओर से कई बार कोशिश किए जाने के बावजूद शुद्ध पेट्रोल के नमूने हासिल नहीं हो सके।
‘जांच का मकसद तेल कंपनियों की छवि खराब करना नहीं’
अनूप जैकब ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि जांच का उद्देश्य तेल कंपनियों की छवि को नुकसान पहुंचाना नहीं है। सरकार केवल यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
मंत्री ने कहा कि इस जांच से पेट्रोल में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा सामने आएगी और लोगों की आशंकाएं दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने पहले चेतावनी भी दी थी कि यदि राज्य में आपूर्ति किए जा रहे पेट्रोल में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक में कैसे शुरू हुआ E20 पेट्रोल पर विवाद?
पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर विवाद की शुरुआत कर्नाटक से हुई थी। कांग्रेस शासित राज्य सरकार ने दावा किया था कि पेट्रोल के कुछ नमूनों में निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल पाया गया है।
कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने एक निजी प्रयोगशाला की जांच का हवाला देते हुए दावा किया था कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के पेट्रोल नमूने में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के नमूने में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिला है।
हालांकि, केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कर्नाटक सरकार की ओर से नमूने जुटाने और उनकी जांच करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
केंद्रीय मंत्री ने E20 ईंधन को लेकर क्या कहा?
विवाद के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने E20 ईंधन को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज किया था। त्रिशूर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य सरकारों की ओर से किए जा रहे नमूना परीक्षण और एथेनॉल मिलावट से जुड़े दावों पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा था कि भारत ने ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की व्यापक रिसर्च और मंजूरी के बाद E20 ईंधन को अपनाया है।
फिलहाल केरल में पेट्रोल के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर है या नहीं।
Navyug Samachar