यूपी डेस्क : गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब आदर्श नगर कॉलोनी में एक ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास से गुजर रही बिजली की केबलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि करीब 2 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही थीं।
घटना रात करीब 12:35 बजे दिल्ली सीमा से सटे खोड़ा इलाके की शिव मंदिर वाली गली स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत फायर विभाग को सूचना दी गई।
डीजल के ड्रमों तक पहुंची आग, बढ़ा खतरा
सूचना मिलते ही फायर विभाग ने तत्काल दमकल वाहनों को मौके पर रवाना किया। शुरुआती जांच में पता चला कि ट्रांसफॉर्मर के पास रखे डीजल के कुछ ड्रम भी आग की चपेट में आ गए थे। इससे आग के आसपास मौजूद मकानों तक फैलने का खतरा और बढ़ गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग ने अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और संकरी गलियों में संचालन के लिए क्विक रिस्पॉन्स वाहन भी मौके पर भेजे। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर इलाके को सुरक्षित करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
कई दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
फायर अधिकारियों के मुताबिक, कंट्रोल रूम को ट्रांसफॉर्मर में आग लगने की सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गई थीं। आग की भयावहता को देखते हुए बाद में अन्य फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त वाहन बुलाए गए।
दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोका और कड़ी मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक नहीं पहुंच सकी।
जनहानि नहीं, लोगों ने ली राहत की सांस
फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की ओर से बताया गया कि त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Navyug Samachar
