Monday , 5 October 2026

मुंबई में बारिश बनी आफत! सांताक्रूज में पेड़ गिरने से 8 घायल, पालघर में दीवार ढहने से महिला की मौत

महाराष्ट्र डेस्क : महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। गुरुवार को मुंबई के सांताक्रूज इलाके में अचानक पेड़ गिरने से आठ लोग घायल हो गए, जबकि पालघर जिले में एक जर्जर मकान की दीवार ढहने से 47 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

सांताक्रूज में निरीक्षण के दौरान हुआ हादसा

बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:02 बजे सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित रहेजा कॉलेज के पास एक निजी परिसर में हुआ। नगर निगम की टीम पहले से गिरे हुए एक पेड़ का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान पास का एक अन्य पेड़ अचानक गिर पड़ा और उसकी चपेट में आठ लोग आ गए।

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को नानावटी अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।

पालघर में जर्जर दीवार बनी जानलेवा

लगातार बारिश के बीच पालघर जिले में एक मकान की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 47 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, कई इलाकों में अच्छी बरसात दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार शाम 5:30 बजे तक कोलाबा मौसम केंद्र में 15.6 मिलीमीटर और सांताक्रूज मौसम केंद्र में 17.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

वहीं, सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बृहन्मुंबई महानगरपालिका के स्वचालित वर्षामापी के अनुसार आइलैंड सिटी में औसतन 23 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 28 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 32 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

कुछ दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा

इसी सप्ताह मुंबई के चेंबूर इलाके में भी बारिश के दौरान एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया था। उस हादसे में 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए थे।

 

Check Also

CEC ज्ञानेश कुमार पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, निलंबन से लेकर SIR और Form 6 तक उठे बड़े सवाल

नेशनल डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल अब सुप्रीम …