
नेशनल डेस्क: ई-रिक्शा को दूर से बंद किए जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने सुरक्षा जोखिमों और संभावित दुरुपयोग को देखते हुए BAT BMS समेत तीन मोबाइल ऐप को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश जारी किए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को सूत्रों के हवाले से सामने आई।
सूत्रों के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गूगल और एप्पल को BAT BMS ऐप को अपने-अपने प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्देश दिया है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए थे, जिनमें कथित तौर पर इस ऐप के जरिए ब्लूटूथ से कनेक्ट होकर ई-रिक्शा को दूर से बंद किया जा रहा था।
BAT BMS के साथ दो और ऐप पर भी कार्रवाई
सरकार ने केवल BAT BMS ही नहीं, बल्कि Lossigy और Epoch-i-ion ऐप्स को भी हटाने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, इन ऐप्स का कथित तौर पर बैटरी से चलने वाले वाहनों को दूर से बंद करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि ऐसे किसी अन्य ऐप का भी गलत इस्तेमाल सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी चिंता
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दावा किया गया था कि कुछ लोग मोबाइल ऐप के जरिए ब्लूटूथ से ई-रिक्शा की बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़कर वाहन को अचानक बंद कर दे रहे थे। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए, जिसके बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया।
कैसे काम करता है बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम?
ई-रिक्शा में लगी लिथियम-आयन बैटरी की निगरानी और सुरक्षा के लिए बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाता है। यह सिस्टम ब्लूटूथ के माध्यम से मोबाइल फोन से जुड़ सकता है, जिससे चालक बैटरी का चार्ज स्तर, वोल्टेज, तापमान, करंट और अन्य तकनीकी जानकारी देख सकते हैं।
सुरक्षा में कमी का उठाया जा रहा था फायदा
सूत्रों के अनुसार, कम कीमत वाले कई ई-रिक्शा में इस्तेमाल होने वाले कुछ चीनी बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम में ब्लूटूथ कनेक्शन की सुरक्षा पर्याप्त मजबूत नहीं होती। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर कुछ लोग संबंधित ऐप डाउनलोड कर लेते थे।
बताया गया कि जब ऐसा मोबाइल किसी ई-रिक्शा के 10 से 15 मीटर के दायरे में पहुंचता था तो ऐप बिना चालक की अनुमति के बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़ सकता था। इसके बाद बैटरी के डिस्चार्ज स्विच को बंद कर मोटर तक बिजली की आपूर्ति रोक दी जाती थी, जिससे ई-रिक्शा अचानक बंद हो जाता था।
Navyug Samachar