
ऑटो डेस्क: MG Windsor EV खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। MG Motor India ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार Windsor EV की कीमतों में इजाफा कर दिया है। जुलाई 2026 से कंपनी ने इसके सभी वेरिएंट की कीमतें बढ़ा दी हैं। अब ग्राहकों को मॉडल के हिसाब से 40 हजार रुपये से लेकर 60 हजार रुपये तक ज्यादा खर्च करने होंगे।
कंपनी के मुताबिक, कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी और उत्पादन लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। इससे पहले कई अन्य वाहन निर्माता कंपनियां भी अपने वाहनों की कीमतों में इजाफा कर चुकी हैं।
बेस मॉडल MG Windsor EV Excite पर सबसे ज्यादा बढ़ा दाम
नई कीमतों में MG Windsor EV के Excite वेरिएंट की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। इस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत पहले 14.10 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 14.70 लाख रुपये हो गई है। यानी ग्राहकों को अब इस वेरिएंट के लिए 60 हजार रुपये ज्यादा भुगतान करना होगा।
वहीं, Exclusive और Essence वेरिएंट की कीमत में 46,900 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद Exclusive वेरिएंट की नई एक्स-शोरूम कीमत 16 लाख रुपये और Essence वेरिएंट की कीमत 17 लाख रुपये हो गई है।
Pro वेरिएंट भी हुआ महंगा
MG Windsor EV के लंबी रेंज वाले Pro मॉडल की कीमतों में भी बदलाव किया गया है। Exclusive Pro वेरिएंट अब 52 हजार रुपये महंगा हो गया है, जिसके बाद इसकी एक्स-शोरूम कीमत 17.90 लाख रुपये हो गई है।
वहीं, टॉप मॉडल Essence Pro की कीमत में 40 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब यह वेरिएंट 19 लाख रुपये एक्स-शोरूम कीमत पर उपलब्ध होगा। कुल मिलाकर Windsor EV की कीमतों में करीब 2.15 प्रतिशत से 4.26 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बैटरी और रेंज में नहीं किया गया बदलाव
कीमत बढ़ने के बावजूद MG Windsor EV के फीचर्स, बैटरी पैक और रेंज में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी इस इलेक्ट्रिक कार को 38 kWh और 52.9 kWh बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश करती है।
छोटे बैटरी पैक वाला मॉडल एक बार फुल चार्ज होने पर 332 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है। वहीं, Pro वेरिएंट 449 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम है।
सभी वेरिएंट में 136 पीएस की पावर और 200 एनएम का टॉर्क मिलता है। कंपनी के अनुसार, MG Windsor EV लॉन्च के करीब दो साल के भीतर 75 हजार से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री कर चुकी है और यह कंपनी की सबसे सफल इलेक्ट्रिक कारों में शामिल है।
Navyug Samachar