Friday , 2 October 2026

यूपी की ग्रामीण महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान! मिलेट कैफे और एग्रो प्रोसेसिंग इकाइयों से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते, उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) और टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और महिला उद्यमिता के नए अवसर तैयार करना है।

लखनऊ स्थित राज्य मिशन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए इस समझौते के तहत महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही स्वयं सहायता समूहों और क्लस्टर स्तरीय संघों की संस्थागत क्षमता को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण, उद्यमिता कौशल का विकास और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

महिलाओं के लिए स्थापित होंगे मिलेट कैफे और एग्रो प्रोसेसिंग इकाइयां

एमओयू के तहत प्रदेश में मिलेट कैफे, एग्रो प्रोसेसिंग आधारित इकाइयों और अन्य महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यम स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। साथ ही महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने की दिशा में यह साझेदारी अहम भूमिका निभाएगी।

लखपति महिला उद्यमी अभियान को मिलेगी नई रफ्तार

इस पहल के जरिए प्रदेश में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के साथ ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के अभियान को भी गति मिलेगी। मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के साथ यह साझेदारी महिला उद्यमिता को मजबूत करेगी और महिलाओं की आय में वृद्धि करते हुए उन्हें लखपति महिला उद्यमी बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा मजबूती का आधार

टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के साथ यह सहयोग महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और सतत ग्रामीण आजीविका के अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को नई गति प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

समझौता कार्यक्रम में मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन दीपा रंजन, अपर मिशन निदेशक जयंत यादव, संयुक्त मिशन निदेशक चंद्रशेखर, राज्य परियोजना प्रबंधक आचार्य शेखर, मिशन मैनेजर नवीन शर्मा सहित मिशन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी, मुख्य सामुदायिक प्रभाव (सीएसआर) पंकज सिंह, गीतांजलि त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

Check Also

सीएम योगी ने 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से किया सम्मानित, शहीद निरीक्षक की पत्नी को भी मिला सम्मान

यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन में अदम्य साहस, …