Tuesday , 6 October 2026

‘ठाकुर’ संजीव कुमार की अधूरी मोहब्बत की कहानी, जिसे ठुकराया प्यार उसी ने जिंदगीभर रखा याद; मौत ने भी कर दिया मिलन

मनोरंजन डेस्क: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता संजीव कुमार की जिंदगी में कई यादगार किरदार आए, लेकिन उनकी निजी जिंदगी की एक प्रेम कहानी हमेशा चर्चा में रही। कहा जाता है कि एक अभिनेत्री उनसे इतनी गहराई से प्यार करती थीं कि उन्होंने जीवनभर शादी नहीं की। संजीव कुमार से जुड़ी यह अधूरी मोहब्बत भले ही जिंदगी में पूरी नहीं हो सकी, लेकिन दोनों की कहानी आज भी लोगों के बीच याद की जाती है।

हेमा मालिनी से प्यार और मिला था इनकार

70 के दशक में जब हिंदी सिनेमा में संजीव कुमार का सितारा चमक रहा था, उसी दौर में उनकी मुलाकात हेमा मालिनी से फिल्म सीता और गीता के सेट पर हुई। कहा जाता है कि संजीव कुमार का दिल हेमा मालिनी पर आ गया था और उन्होंने अपने प्यार का इजहार भी किया था। हालांकि हेमा मालिनी का झुकाव धर्मेंद्र की ओर था और संजीव कुमार को उनका जवाब निराश करने वाला मिला।

इस असफल प्रेम ने संजीव कुमार को काफी प्रभावित किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह इस सदमे से उबर नहीं पाए और उनकी जिंदगी में अकेलापन बढ़ता चला गया।

सुलक्षणा पंडित को हुआ संजीव कुमार से प्यार

इसके बाद संजीव कुमार की जिंदगी में अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित की एंट्री हुई। दोनों ने वर्ष 1975 में आई फिल्म उलझन में साथ काम किया था। फिल्म की शूटिंग के दौरान सुलक्षणा पंडित संजीव कुमार के करीब आ गईं और उन्हें उनसे प्यार हो गया।

बताया जाता है कि सुलक्षणा पंडित का प्यार एकतरफा था। वह चाहती थीं कि एक दिन संजीव कुमार उनके प्यार को स्वीकार कर लें, लेकिन अभिनेता उस समय भी अपने पुराने दर्द से बाहर नहीं निकल पाए थे।

शादी का प्रस्ताव भी मिला था ठुकरा

रिपोर्ट्स के अनुसार, जब संजीव कुमार को हार्ट अटैक आया और वह इलाज के लिए अमेरिका गए, तब सुलक्षणा पंडित ने मन बना लिया था कि लौटने के बाद वह उनसे शादी के लिए बात करेंगी। वापस आने के बाद वह उन्हें मंदिर भी लेकर गईं और शादी का प्रस्ताव रखा। हालांकि बताया जाता है कि संजीव कुमार ने उनका प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया।

संजीव कुमार की मौत से टूट गई थीं सुलक्षणा

प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद भी सुलक्षणा पंडित ने संजीव कुमार का साथ नहीं छोड़ा और उन्होंने कभी शादी नहीं की। वर्ष 1985 में संजीव कुमार के अचानक निधन ने उन्हें गहरा सदमा दिया। इसके कुछ समय बाद उनकी मां के निधन से भी वह मानसिक रूप से काफी प्रभावित हुईं।

एक इंटरव्यू में सुलक्षणा पंडित ने बताया था कि इन मौतों का उनकी मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा था। लंबे समय तक वह परेशान और विचलित रहीं।

एक ही तारीख ने जोड़ा दोनों का नाम

संजीव कुमार और सुलक्षणा पंडित की प्रेम कहानी का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि दोनों जिंदगी में एक नहीं हो सके, लेकिन उनकी मौत की तारीख एक संयोग बन गई। संजीव कुमार का निधन 6 नवंबर 1985 को हुआ था, जबकि सुलक्षणा पंडित ने भी 6 नवंबर 2025 को अंतिम सांस ली।

 

Check Also

‘एक कचौड़ी दो समोसा, स्काउट OP का क्या भरोसा!’ लव गिल को लेकर बयान पर भड़के लोग, गर्लफ्रेंड काशवी हुईं भावुक

मनोरंजन डेस्क: ‘बिग बॉस 20’ में स्काउट OP और लव गिल की बढ़ती नजदीकियों को …