
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के वृद्ध, दिव्यांग और निराश्रित राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी पहल की गई है। राज्य सरकार ने ऐसे पात्र लाभार्थियों के लिए घर-घर मुफ्त राशन पहुंचाने की व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है, जो स्वयं उचित दर की दुकान तक नहीं पहुंच सकते और जिनकी देखभाल के लिए परिवार में कोई अन्य सदस्य भी उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही राशन वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं।
लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि ऐसे वृद्ध, दिव्यांग और निराश्रित राशन कार्डधारकों को अब उनके घर पर ही राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित कार्डधारक की ओर से नामित व्यक्ति के माध्यम से खाद्यान्न घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों को राहत देना है, जो शारीरिक या अन्य कारणों से राशन की दुकान तक नहीं पहुंच पाते।
45 लाख नए लाभार्थियों को मिला योजना का लाभ
मंत्री ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान प्रदेश की खाद्यान्न वितरण योजना से लगभग 45 लाख नए पात्र लोगों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए वह स्वयं 16 जिलों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के खाद्यान्न पहुंच सके।
राशन पहुंचते ही मिलेगा मोबाइल पर एसएमएस
सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई सूचना व्यवस्था भी लागू की है। अब जैसे ही उचित दर की दुकान पर खाद्यान्न पहुंचेगा, संबंधित लाभार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तत्काल एसएमएस भेजा जाएगा। इससे लाभार्थियों को समय रहते जानकारी मिल सकेगी कि उनका राशन दुकान पर उपलब्ध हो चुका है।
जीपीएस ट्रैकिंग से होगी हर वाहन की निगरानी
मंत्री ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम के डिपो से उचित दर की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने वाले सभी वाहनों की जीपीएस के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। इससे खाद्यान्न की हेराफेरी और डायवर्जन जैसी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हुआ है। इसके अलावा धान, गेहूं और मोटे अनाज की खरीद के दौरान भी क्रय केंद्र से डिलीवरी प्वाइंट तक वाहनों की जीपीएस आधारित ट्रैकिंग की जा रही है।
राशन दुकानों पर बढ़ाई गईं लाभार्थियों की सुविधाएं
राज्य सरकार ने राशन लेने आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उचित दर की दुकानों पर बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। अब लाभार्थियों के लिए कुर्सियां और बेंच उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे उन्हें लंबी कतारों में खड़े रहने की परेशानी का सामना न करना पड़े और वे सम्मानपूर्वक राशन प्राप्त कर सकें।
Navyug Samachar