Monday , 5 October 2026

ग्लूकोज लेने से सोनम वांगचुक का इनकार, ब्लड शुगर अब भी सामान्य से कम; एम्स-सफदरजंग के डॉक्टरों ने जारी किया नया हेल्थ अपडेट

नेशनल डेस्क: सफदरजंग अस्पताल में भर्ती लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। हालांकि, उनकी सेहत को लेकर डॉक्टरों की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मंगलवार सुबह जारी हेल्थ बुलेटिन में अस्पताल ने बताया कि उनके सभी महत्वपूर्ण जीवनरक्षक मानक स्थिर हैं, लेकिन ब्लड शुगर का स्तर अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है।

रक्त जांच में पोटैशियम की कमी, लगातार निगरानी जारी

अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, रक्त जांच में पोटैशियम का स्तर 3.2 एमईक्यू/एल दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उनमें पैनसाइटोपीनिया के लक्षण भी लगातार बने हुए हैं। इसमें एनीमिया और श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या में कमी शामिल है। डॉक्टरों का कहना है कि प्रयोगशाला जांच की इन असामान्य रिपोर्टों को देखते हुए उनकी नियमित जांच और लगातार चिकित्सकीय निगरानी आवश्यक है।

डॉक्टरों की सलाह के बावजूद ग्लूकोज और इंट्रावेनस फ्लूइड लेने से इनकार

हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि फिलहाल सोनम वांगचुक को ओरल रिहाइड्रेशन साल्यूशन (ओआरएस) और मुंह के जरिए पोटैशियम सप्लीमेंट दिया जा रहा है। हालांकि, डॉक्टरों की बार-बार सलाह के बावजूद उन्होंने नसों के माध्यम से दिए जाने वाले इंट्रावेनस फ्लूइड और ग्लूकोज लेने से इनकार कर दिया है।

लंबे उपवास के कारण डिहाइड्रेशन की समस्या बरकरार

अस्पताल के अनुसार, लंबे समय से जारी उपवास की वजह से सोनम वांगचुक को अब भी हल्के से मध्यम स्तर तक निर्जलीकरण की समस्या है। डॉक्टरों का कहना है कि किसी भी संभावित जटिलता की समय रहते पहचान और उपचार के लिए उनका लगातार चिकित्सकीय पर्यवेक्षण और क्लीनिकल मॉनिटरिंग जरूरी है।

एम्स और सफदरजंग के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम कर रही निगरानी

सफदरजंग अस्पताल ने बताया कि एम्स और सफदरजंग अस्पताल के विशेषज्ञों की संयुक्त बहु-विषयक टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अस्पताल के मुताबिक, उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आगे का उपचार और चिकित्सा संबंधी निर्णय उनकी स्वास्थ्य प्रगति तथा क्रमिक प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …