Monday , 21 September 2026

2 साल बाद लौटे मयंक यादव ने मचाया तहलका! पहली ही गेंद पर विकेट लेकर रचा इतिहास, रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम

खेल डेस्क: करीब दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार अंदाज में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का नया अध्याय शुरू किया। जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में खेले जा रहे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर इतिहास रच दिया। अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से मयंक ने जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को पवेलियन भेजते हुए भारत को मुकाबले की पहली ही गेंद पर बड़ी सफलता दिलाई।

पहली गेंद पर ब्रायन बेनेट का किया शिकार

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और नई गेंद मयंक यादव को सौंपी। मयंक ने अपनी पहली ही डिलीवरी पर ब्रायन बेनेट को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच करा दिया।

हालांकि, मैदानी अंपायर ने शुरुआत में बल्लेबाज को आउट नहीं दिया। इसके बाद ईशान किशन ने कप्तान श्रेयस अय्यर को डीआरएस लेने की सलाह दी। रिप्ले में बल्ले का किनारा स्पष्ट दिखाई दिया और फैसला भारत के पक्ष में बदल गया।

भारत के लिए पहली गेंद पर विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने

इस विकेट के साथ मयंक यादव ने भारतीय क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं।

इससे पहले अर्शदीप सिंह ने 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ न्यूयॉर्क में मुकाबले की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया था। वहीं हार्दिक पंड्या ने 2025 एशिया कप में पाकिस्तान के बल्लेबाज सैम अयूब को पहली ही गेंद पर आउट किया था।

एक और खास रिकॉर्ड भी किया अपने नाम

मयंक यादव ने इस मुकाबले में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। इससे पहले अक्टूबर 2024 में हैदराबाद में बांग्लादेश के खिलाफ अपने पिछले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी उन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर परवेज हुसैन एमोन का विकेट लिया था।

अब जिम्बाब्वे के खिलाफ भी पहली गेंद पर विकेट लेने के साथ वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पारी की पहली गेंद पर दो बार विकेट लेने वाले भारत के चौथे गेंदबाज बन गए हैं।

इस सूची में सबसे आगे भुवनेश्वर कुमार हैं, जिन्होंने तीन बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया है। वहीं हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह और अब मयंक यादव दो-दो बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

 

Check Also

पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से होंगे बाहर? कप्तान के बयान से मची हलचल, सामने आई बड़ी वजह

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस के जिम्बाब्वे के खिलाफ सितंबर में …