Friday , 2 October 2026

Guru Purnima 2026: गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने की विशेष पूजा, नाथपंथ की परंपरा के अनुसार गुरुजनों को अर्पित की श्रद्धांजलि

यूपी डेस्क: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। नाथपंथ की परंपरा का निर्वहन करते हुए उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ सहित नाथ संप्रदाय के गुरुजनों का विधि-विधान से पूजन कर श्रद्धा अर्पित की।

महायोगी गुरु गोरखनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न देव विग्रहों के समक्ष भी विधिवत पूजा की।

ब्रह्मलीन गुरुओं की समाधियों पर भी किया पूजन

पूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ, अपने दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ समेत नाथपंथ के ब्रह्मलीन गुरुजनों की समाधियों पर पहुंचकर वैदिक रीति से पूजा की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

नाथपंथ की परंपरा के अनुसार चढ़ाया गया रोट का महाप्रसाद

गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नाथपंथ की परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को रोट का महाप्रसाद भी अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के पूर्ण होने के बाद परंपरागत सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई।

देशवासियों को दी गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं

विशेष पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। गोरखनाथ मंदिर में उनकी नियमित दिनचर्या में गुरु गोरखनाथ और नाथपंथ के गुरुजनों का दर्शन-पूजन शामिल रहता है, लेकिन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यह पूजा विशेष धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ संपन्न की जाती है।

 

Check Also

सीएम योगी ने 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से किया सम्मानित, शहीद निरीक्षक की पत्नी को भी मिला सम्मान

यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन में अदम्य साहस, …