Monday , 5 October 2026

LIC की इस सरकारी स्कीम में महिलाओं को काम के साथ कमाई का मौका, हर महीने मिलेंगे ₹7,000; जानिए कौन कर सकता है आवेदन

नेशनल डेस्क: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की बीमा सखी योजना लगातार चर्चा में है। इस योजना के तहत महिलाओं को केवल बीमा एजेंट बनने का अवसर ही नहीं मिलता, बल्कि प्रशिक्षण के साथ मासिक स्टाइपेंड और कमीशन के जरिए कमाई का मौका भी दिया जाता है। योजना से जुड़ने वाली पात्र महिलाओं को शुरुआती चरण में हर महीने ₹7,000 तक का स्टाइपेंड मिलता है।

क्या है एलआईसी बीमा सखी योजना?

एलआईसी की बीमा सखी योजना खासतौर पर महिलाओं के लिए शुरू की गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में बीमा जागरूकता बढ़ाना है। योजना के तहत चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण देकर बीमा एजेंट के रूप में तैयार किया जाता है।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना के लिए 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने के लिए कम से कम 10वीं पास होना आवश्यक है। योजना में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है।

हर महीने कितना मिलेगा स्टाइपेंड?

योजना के तहत पहले तीन वर्षों तक महिलाओं को निश्चित स्टाइपेंड दिया जाता है। पहले वर्ष में ₹7,000 प्रति माह, दूसरे वर्ष में ₹6,000 प्रति माह और तीसरे वर्ष में ₹5,000 प्रति माह दिए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा बीमा पॉलिसियों की बिक्री पर मिलने वाला कमीशन भी अलग से मिलता है।

एलआईसी देती है प्रशिक्षण भी

योजना से जुड़ने वाली महिलाओं को एलआईसी की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। तीन वर्ष का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे एलआईसी एजेंट के रूप में कार्य कर सकती हैं। हालांकि, इसके लिए पहले वर्ष में जारी की गई कम से कम 65 प्रतिशत बीमा पॉलिसियों का सक्रिय रहना जरूरी है।

अतिरिक्त कमीशन का भी प्रावधान

योजना के तहत निर्धारित बिक्री लक्ष्य पूरा करने या उससे अधिक प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त कमीशन भी दिया जाता है। हालांकि, मौजूदा एलआईसी एजेंटों और कर्मचारियों के रिश्तेदार इस योजना के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।

ऑनलाइन कैसे करें आवेदन?

एलआईसी बीमा सखी योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन किए जा सकते हैं। इच्छुक महिलाएं एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र भरकर पंजीकरण कर सकती हैं। आवेदन के दौरान आयु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे। सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाती है।

 

Check Also

Gold Silver Price: सोना खरीदने से पहले चेक करें आज का भाव, 5 अक्टूबर को दिल्ली-लखनऊ समेत बड़े शहरों में ये रहे रेट

बिजनेस डेस्क: सोने-चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए नए सप्ताह की शुरुआत बाजार के …