यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस सत्र की शुरुआत दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। सत्र के पहले ही दिन विधानसभा परिसर में समाजवादी पार्टी के अनोखे प्रदर्शन और सरकार-विपक्ष के बीच तीखे राजनीतिक हमलों ने सियासी माहौल गर्म कर दिया।
सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में साइकिल, दान पेटी और सिर पर पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते पहले दिन से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं।
सत्र से पहले विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री योगी
मानसून सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। मुख्यमंत्री के बयान के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई।
पहली बार पूरा ‘वंदे मातरम’ गूंजेगा विधानसभा में
सत्र से एक दिन पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि इस बार का मानसून सत्र कई मायनों में विशेष रहेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूरा ‘वंदे मातरम’ गीत गाया जाएगा। इस संबंध में भारत सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है।
सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि लोकतंत्र में सहमति और असहमति दोनों का अपना महत्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य सदन में अपनी बात मजबूती से रखेंगे, लेकिन सदन की गरिमा का भी पूरा ध्यान रखेंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनुचित व्यवहार से बचना चाहिए, ताकि जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए। चार दिनों तक चलने वाला यह मानसून सत्र राजनीतिक और विधायी दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Navyug Samachar
