
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसूनी ट्रफ लाइन की स्थिति में बदलाव और बिहार, हरियाणा तथा राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ गई है। इसके चलते 5 और 6 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लखनऊ, कानपुर समेत 46 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
आज इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी समेत करीब 40 जिलों में भारी बारिश की संभावना के चलते यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी स्थिति बन सकती है।
6 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 अगस्त को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
6 अगस्त के लिए आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और औरैया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में झमाझम बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान कन्नौज के छिबरामऊ में सबसे अधिक 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बहराइच के नानपारा में 104 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी के शारदानगर में 81.6 मिमी, कानपुर नगर में 75 मिमी, बाराबंकी के हैदरगढ़ में 70 मिमी, जौनपुर में 68.6 मिमी और लखनऊ में 66.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इटावा के चकरनगर में 100 मिमी, फिरोजाबाद के शिकोहाबाद और मैनपुरी के करहल में 60-60 मिमी तथा आगरा में 55.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मानसून की कुल बारिश अभी भी सामान्य से कम
हालांकि प्रदेश में बारिश का दौर तेज हुआ है, लेकिन एक जून से चार अगस्त तक उत्तर प्रदेश में कुल 281.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 387.7 मिलीमीटर मानी जाती है। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 27 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
Navyug Samachar