
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर दौरे के दौरान 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और चेक भी वितरित किए। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास, कानून-व्यवस्था, रोजगार और युवा नीति पर सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख किया, वहीं समाजवादी पार्टी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
कानून-व्यवस्था पर सरकार का दावा, सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले की तुलना में पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय दंगाइयों के सामने सरकार झुक जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा, “आज कोई दंगा कराने की धमकी देता है तो मैं कहता हूं- आओ बच्चू, करा कर देख लो, समझ में आ जाएगा।”
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में न दंगे होते हैं और न कर्फ्यू लगता है। सरकार अपराध और माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और विकास तथा रोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है।
‘जो खुद नहीं संभल रहे, वे प्रदेश क्या संभालेंगे’
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग खुद को नहीं संभाल पा रहे हैं, वे 25 करोड़ लोगों वाले प्रदेश का नेतृत्व कैसे कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कई जिलों में दंगे होते थे और अपराधियों व माफिया का प्रभाव बढ़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह भी जानना चाहिए कि पहले प्रदेश में किस तरह की स्थिति थी।
सरकारी भर्तियों को लेकर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नौकरी का विज्ञापन निकलते ही कथित तौर पर “चाचा-भतीजे की जोड़ी” वसूली में लग जाती थी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई गई है।
नई युवा नीति और हर जिले में एम्प्लॉयमेंट जोन की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द नई युवा नीति लागू करेगी, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि अभ्युदय कोचिंग जैसी योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर प्रत्येक जिले में एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, जहां युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
706 करोड़ की 194 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जिले को एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी, मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर ब्लॉक और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
गोविंद साहब धाम मेले को मिलेगी राजकीय पहचान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुरूप गोविंद साहब धाम में आयोजित होने वाले माघ मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने और उसे सरकारी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थल लंबे समय से लोगों की आस्था का केंद्र रहा है और सरकार इसके विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
‘पहले वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया, अब वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और माफिया का प्रभाव था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने इस स्थिति को बदलते हुए ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ जैसी योजनाओं के जरिए जिलों की पहचान और विकास को नई दिशा दी है।
सरकारी योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाएं, पेंशन और आवास जैसी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से गंभीर बीमारियों के इलाज में भी आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा निराश्रित महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और कोविड के दौरान अनाथ हुए बच्चों के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
नोएडा और यूपी की बदली छवि का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले नोएडा जाने को लेकर राजनीतिक मान्यताओं का डर था, लेकिन जनता के लिए काम करने वालों को ऐसी बातों से डरने की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है और राज्य के लोग देशभर में सम्मान के साथ देखे जाते हैं।
नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से जुड़ेगा क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर परियोजना के तहत सिद्धार्थनगर के बांसी से बस्ती होते हुए प्रयागराज तक संपर्क मार्ग विकसित किया जा रहा है, जिसे आगे दक्षिण भारत तक ले जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का लाभ अंबेडकरनगर को भी मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में बस स्टैंड, अस्पतालों की क्षमता, सड़क संपर्क और टेक्सटाइल पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जाएगा।
Navyug Samachar