Tuesday , 22 September 2026

CM योगी ने अंबेडकरनगर में बांटी करोड़ों की सौगात, लाभार्थियों को दिए चेक, आवास की चाबियां और प्रमाण पत्र

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाण पत्र और आवास की सांकेतिक चाबियां वितरित कीं। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के साथ आयोजित इस समारोह में स्वरोजगार, स्वास्थ्य, कृषि, आवास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।

महिला समूहों और स्वरोजगार योजनाओं को मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों को चेक वितरित किए गए। इसके अलावा स्वरोजगार, स्वास्थ्य, कृषि, आवास और कृषक दुर्घटना कल्याण से संबंधित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र और सांकेतिक चाबियां सौंपी गईं।

कॉक्लियर इम्प्लांट और स्वास्थ्य सहायता के लिए मिले चेक

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आकृति राव और उत्कर्ष तिवारी को कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी के लिए 5.75-5.75 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से हृदय रोग के उपचार के लिए अंशी और जूही को भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

युवा उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहयोग

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्रमोद कुमार गुप्ता को फ्लोर मिल स्थापित करने और आरुषि यादव को ब्यूटी पार्लर शुरू करने के लिए पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं, एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत रीता देवी को कपड़ा व्यवसाय के लिए 48 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

कृषि योजनाओं के लाभार्थियों को भी मिला सम्मान

कृषि विभाग की ओर से वंदना पटेल को ‘ड्रोन दीदी’ का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं, कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत सदस्य कृषक अभिषेक तिवारी को कृषि उपकरण के लिए सांकेतिक चाबी सौंपी गई।

आवास योजना के लाभार्थियों को मिली घर की चाबी

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत रीना सोनी, मीरा देवी और कल्पनाथ को नए आवास के लिए सांकेतिक चाबियां सौंपी गईं। मुख्यमंत्री के हाथों घर की चाबी मिलने पर लाभार्थियों ने खुशी जताई।

कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत उर्मिला और यमुरता देवी को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ऊषा मौर्य को 469.50 लाख रुपये और उमा सिंह को 86.40 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड चेक सौंपा गया।

मेधावी छात्रों का भी हुआ सम्मान

कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। छात्र प्रियांशु चौरसिया को सम्मान प्रदान किया गया, जबकि छात्र ध्रुव प्रताप सिंह की ओर से उनकी माता रंजना सिंह ने सम्मान ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …