Monday , 5 October 2026

हिमाचल में रेल नेटवर्क को मिल रही नई रफ्तार, अंब अंदौरा बना बड़ा रेल हब; 13 राज्यों से जुड़ा संपर्क

हिमाचल डेस्क: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन हिमाचल प्रदेश के प्रमुख रेल हब के रूप में उभर चुका है, जहां से 20 रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं।

13 राज्यों से जुड़ा हिमाचल का रेल संपर्क

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की ओर से लोकसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में रेल मंत्री ने बताया कि अंब अंदौरा से संचालित रेल सेवाओं के जरिए हिमाचल प्रदेश का संपर्क 13 राज्यों से जुड़ा है। इस मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख रेल सेवाएं उपलब्ध हैं।

नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक रेलखंड पूरी तरह चालू

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 70 किलोमीटर लंबा नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक-कर्तोली ब्रॉडगेज रेलखंड पूरी तरह चालू हो चुका है। वहीं, 52 किलोमीटर लंबे कर्तोली-तलवाड़ा-मुकेरियां ब्रॉडगेज रेलखंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

परियोजना के तहत रेलवे पुलों के साथ रोड ओवर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का निर्माण भी किया जा रहा है। रेल मंत्री के मुताबिक, इस रेल परियोजना से क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।

तीन साल में बढ़ी रेल यात्रियों की संख्या

रेल मंत्री ने बताया कि नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक रेल लाइन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है और इस पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

वर्ष 2023-24 में इस रेलखंड का इस्तेमाल 25.77 लाख यात्रियों ने किया था। यह संख्या वर्ष 2024-25 में बढ़कर 30.56 लाख हो गई। वहीं, वर्ष 2025-26 में इस रेलखंड पर यात्रियों की संख्या 31.87 लाख तक पहुंच गई।

 

Check Also

CEC ज्ञानेश कुमार पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, निलंबन से लेकर SIR और Form 6 तक उठे बड़े सवाल

नेशनल डेस्क: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल अब सुप्रीम …