Sunday , 13 September 2026

पश्चिमी यूपी में लंपी वायरस की दस्तक: सहारनपुर में सबसे ज्यादा 4,492 संक्रमित, UP के 10 जिलों में फैला संक्रमण, 4.70 लाख पशुओं का हुआ टीकाकरण

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) का संक्रमण अभी 10 जिलों तक सीमित है, लेकिन पशुपालन विभाग की 10 अगस्त 2026 की रिपोर्ट के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 242 गांवों में अब तक 5,672 गोवंश संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 4,611 पशु उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 1,061 पशुओं का इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक संक्रमण से किसी भी पशु की मौत दर्ज नहीं हुई है।

सहारनपुर में सबसे अधिक संक्रमण, शामली दूसरे स्थान पर

प्रदेश में सबसे अधिक प्रभावित जिला सहारनपुर है। यहां 54 गांवों में 4,492 पशु संक्रमित मिले हैं। इनमें 3,812 पशु स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 680 पशुओं का उपचार चल रहा है। इसके बाद शामली दूसरे स्थान पर है, जहां 30 गांवों में 605 संक्रमित पशु मिले। इनमें 525 स्वस्थ हुए हैं और 80 का इलाज जारी है।

मुजफ्फरनगर में 77 गांवों से 228 संक्रमित पशु मिले हैं, जिनमें 75 स्वस्थ हुए हैं और 153 उपचाराधीन हैं। फिरोजाबाद में 13 गांवों से 113 संक्रमित पशु मिले, जिनमें 79 स्वस्थ और 34 उपचाराधीन हैं। मेरठ में 98 संक्रमित पशुओं में 54 स्वस्थ हुए हैं, जबकि 44 का इलाज चल रहा है। बागपत में 83 संक्रमित पशुओं में 54 स्वस्थ हुए हैं और 29 उपचाराधीन हैं।

बिजनौर में 30 संक्रमित पशुओं में तीन स्वस्थ हुए हैं और 27 का इलाज जारी है। मथुरा में 19 संक्रमित पशुओं में नौ स्वस्थ हुए हैं तथा 10 उपचाराधीन हैं। गाजियाबाद में तीन संक्रमित पशुओं का उपचार जारी है, जबकि अमरोहा में एक संक्रमित पशु मिला है, जिसका इलाज चल रहा है। इन दोनों जिलों में अभी तक कोई पशु स्वस्थ नहीं हुआ है।

1,756 गांवों में पहुंचा टीकाकरण अभियान

रिपोर्ट के अनुसार संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित जिलों में बड़े पैमाने पर टीकाकरण कराया जा रहा है। अब तक 1,756 गांवों में 4,70,606 गोवंश का टीकाकरण किया जा चुका है। प्रभावित 10 जिलों में कुल 16,59,125 गोवंश चिन्हित हैं, जिन पर विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।

33.17 लाख वैक्सीन जिलों को भेजी गईं

पशुपालन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रभावित जिलों को अब तक 33,17,400 एलएसडी वैक्सीन उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा प्रदेश मुख्यालय में 17,15,900 वैक्सीन सुरक्षित रखी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल जिलों को भेजी जा सकें।

किस जिले में कितनी रही संक्रमण की स्थिति

अमरोहा में 1, बिजनौर में 30, बागपत में 83, फिरोजाबाद में 113, गाजियाबाद में 3, मथुरा में 19, मेरठ में 98, मुजफ्फरनगर में 228, सहारनपुर में 4,492 और शामली में 605 संक्रमित पशु दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार सभी 5,672 संक्रमित पशुओं का उपचार शुरू किया जा चुका है और अब तक किसी भी जिले में संक्रमण से पशु की मौत दर्ज नहीं हुई है।

रिपोर्ट के प्रमुख आंकड़े

  • प्रभावित जिले – 10
  • प्रभावित गांव – 242
  • संक्रमित पशु – 5,672
  • उपचार के बाद स्वस्थ हुए – 4,611
  • उपचाराधीन – 1,061
  • मृत पशु – 0
  • टीकाकृत पशु – 4,70,606
  • टीकाकरण वाले गांव – 1,756
  • प्रभावित जिलों में कुल गोवंश – 16,59,125
  • जिलों को उपलब्ध कराई गई एलएसडी वैक्सीन – 33,17,400
  • प्रदेश मुख्यालय में सुरक्षित वैक्सीन – 17,15,900

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …