यूपी डेस्क: सितंबर 2026 में घूमने का मन बना रहे यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी ने एक विशेष हवाई टूर पैकेज पेश किया है। चार रात और पांच दिन के इस पैकेज में उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मांडू और इंदौर की सैर कराई जाएगी। यह यात्रा 20 सितंबर 2026 से 24 सितंबर 2026 तक होगी। यात्रियों के लिए लखनऊ से इंदौर और इंदौर से लखनऊ तक की यात्रा विमान से कराई जाएगी।
यात्रा के दौरान ठहरने और भोजन की व्यवस्था तीन सितारा होटल में की जाएगी। उज्जैन में यात्रियों को महाकालेश्वर मंदिर, चिंतामन गणेश मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और मंगलनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
इसके बाद ओंकारेश्वर में ओंकारेश्वर मंदिर के दर्शन होंगे। महेश्वर में अहिल्याबाई किला और महल, अखिलेश्वर मंदिर, सहस्त्रधारा और नर्मदा घाट का भ्रमण कराया जाएगा। मांडू में जहाज महल और हिंडोला महल देखने का अवसर मिलेगा। वहीं इंदौर में पितृ पर्वत और खजराना स्थित गणपति मंदिर समेत अन्य स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।
कितना है टूर पैकेज का किराया?
इस यात्रा में एक व्यक्ति के अकेले ठहरने पर पैकेज की कीमत 48,500 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। दो लोगों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 42,500 रुपये खर्च होंगे। वहीं, तीन लोगों के एक साथ ठहरने पर पैकेज की कीमत 40,300 रुपये प्रति व्यक्ति होगी।
माता-पिता के साथ यात्रा करने वाले बच्चों के लिए भी अलग किराया निर्धारित किया गया है। बिस्तर के साथ बच्चे का पैकेज मूल्य 36,100 रुपये प्रति बच्चा है, जबकि बिना बिस्तर के बच्चे के लिए यह राशि 19,500 रुपये प्रति बच्चा निर्धारित की गई है।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी बुकिंग
आईआरसीटीसी उत्तरी क्षेत्र के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के मुताबिक, इस हवाई टूर पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय में जाकर बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
पैकेज से जुड़ी अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए यात्री 8287930912, 8287930902, 9236391909 और 9236391911 पर संपर्क कर सकते हैं।
Navyug Samachar
