Tuesday , 8 September 2026

गोरखपुर में सीएम योगी का बड़ा ऐलान, 500 और पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी; युवाओं से माफिया-नशे से दूर रहने की अपील

यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में युवाओं को माफिया और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। गोरखनाथ मंदिर परिसर में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, पेशेवर, खेल या ड्रग माफिया किसी भी रूप में युवा शक्ति के लिए बड़ा खतरा हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की संपत्ति जब्त की जाएगी। उन्होंने पिछली सरकारों पर युवाओं और खेलों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले युवाओं का इस्तेमाल किया जाता था और उन्हें माफिया के प्रभाव में छोड़ दिया जाता था।

500 और पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश की खेल संस्कृति में बड़ा बदलाव आया है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद और विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ग्रामीण लीग जैसी पहल आगे बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की खेल नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। इनमें सहायक निदेशक से लेकर डिप्टी एसपी तक के पद शामिल हैं। उन्होंने घोषणा की कि अगले एक महीने में 500 और पदक विजेता खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश पुलिस तथा अन्य विभागों में नौकरी दी जाएगी।

ओलंपिक पदक विजेताओं को करोड़ों की पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने बताया कि ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 4 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये, जबकि कॉमनवेल्थ और एशियाड में प्रतिभाग करने पर 5-5 लाख रुपये की सहायता दी जाती है।

उन्होंने हाल के कॉमनवेल्थ खेलों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के खिलाड़ी चौथे स्थान पर रहे और पदक हासिल किए। उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों में से तीन खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता।

गांव-गांव खेल मैदान और हर जिले में स्टेडियम की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए सरकार के साथ समाज और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने निजी खेल एकेडमियों को सहयोग देने की बात कही और कहा कि ये संस्थान युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने पुराने पहलवानों और उस्तादों के अखाड़ों के पंजीकरण, निर्माण और मैटिंग के लिए सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। कोच और प्रबंधकों को भी सहयोग देने की व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति निजी क्षेत्र के सहयोग का समर्थन करेगी।

मुख्यमंत्री ने गाजीपुर के ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों निजी स्टेडियम से आगे बढ़े हैं। सरकार हर गांव में खेल मैदान और खुले व्यायाम स्थल, हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम तथा हर जनपद में स्टेडियम विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

ड्रग के साथ स्मार्टफोन के नशे से भी बचने की सलाह

मुख्यमंत्री ने युवाओं को ड्रग्स के साथ स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल से भी बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ड्रग माफिया युवा पीढ़ी को खोखला करना चाहता है और इसके खिलाफ प्रत्येक जागरूक नागरिक को लड़ाई लड़नी होगी।

योगी ने कहा कि स्मार्टफोन पर खर्च होने वाले समय का 90 फीसदी हिस्सा फजूल है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन 5-6 घंटे समय बचाकर कम से कम एक घंटा शरीर को देने का आग्रह किया। उनके मुताबिक स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क और सशक्त भारत का निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए आत्म-अनुशासन और आत्म-संयम को पहला नियम बताया। उन्होंने समय पर जागने और सोने के साथ संतुलित खान-पान तथा गुरु-शिष्य परंपरा का पालन करने पर जोर दिया।

जल्द आएगी नई युवा नीति, हर जिले में बनेगा रोजगार क्षेत्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही नई युवा नीति लेकर आएगी। इसके तहत युवाओं के लिए कई आयोजन और कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ‘अभ्युदय कोचिंग’ को हर कॉलेज और विश्वविद्यालय तक पहुंचाने की योजना है।

उन्होंने बताया कि हर जिले में एक रोजगार क्षेत्र बनाया जाएगा, जहां युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर काम होगा।

नागपंचमी पर पहलवानों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने नागपंचमी की बधाई देते हुए पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु खिताब जीतने वाले पहलवानों को पुरस्कृत किया गया।

गौतमबुद्ध नगर के आकाश को 1.01 लाख रुपये और गदा प्रदान की गई, जबकि गाजियाबाद के प्रशांत कुमार को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

 

Check Also

CM विजय का बड़ा ऐलान, स्वास्थ्य बीमा कवर 5 लाख से बढ़कर 25 लाख, 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी खुलेंगे

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और डेयरी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े …