Tuesday , 8 September 2026

अलीगढ़ में कमरे का गेट खोलते ही सांप ने डसा, अस्पताल के बाद बायगीरों के पास ले गए परिजन; नौ साल की रिया की मौत

यूपी डेस्क: अलीगढ़ के गोरई क्षेत्र के श्यामगढ़ी (बकला) गांव में रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। खाना खाने के बाद सोने जा रही नौ वर्षीय रिया जैसे ही कमरे का गेट खोलने पहुंची, वहां बैठे सांप ने उसे डस लिया। किशोरी की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

दरवाजे के पास बैठे सांप ने किया हमला

गांव निवासी हरेंद्र सिंह के मुताबिक, रिया खाना खाने के बाद सोने के लिए कमरे में जा रही थी। जैसे ही उसने कमरे का दरवाजा खोला, गेट के पास बैठे सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद रिया चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर सांप पर पड़ी।

परिजन आनन-फानन में रिया को उपचार के लिए वृंदावन स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के बाद बायगीरों के पास भी ले गए

रिया की हालत में सुधार की उम्मीद में परिजन उसे बायगीरों के पास भी लेकर गए, लेकिन वहां भी कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।

चार भाई-बहनों में एक थी रिया

हरेंद्र सिंह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रिया चार भाई-बहनों में एक थी। नौ वर्षीय बेटी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …