
रायबरेली: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा से पहले रायबरेली में सियासी पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। एक तरफ सपा समर्थकों ने अखिलेश यादव के स्वागत में उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के रूप में पेश करते हुए पोस्टर लगाए हैं, तो दूसरी तरफ लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर विरोधी पोस्टरों के जरिए उन पर सवाल उठाए गए हैं। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव को ‘गिरगिटेश’ तक बताया गया है। दोनों पक्षों के पोस्टरों के सामने आने के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
अखिलेश को श्रीकृष्ण के रूप में दिखाकर लगाया पोस्टर
रायबरेली शहर के कई हिस्सों में सपा समर्थकों की ओर से अखिलेश यादव के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें से एक पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दिखाया गया है। पोस्टर पर लिखा है, ‘मेरे माधव, सुदामा की धरती पर आपका स्वागत है।’ इसमें अखिलेश यादव को PDA महानायक बताया गया है। यह पोस्टर युवजन सभा के प्रदेश महासचिव एडवोकेट पं. विश्वास दुबे की ओर से लगवाया गया है।
हाईवे पर विरोधी पोस्टरों में अखिलेश से सवाल
वहीं, लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर अखिलेश यादव के खिलाफ भी पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में उनसे अलग-अलग मुद्दों पर सवाल पूछे गए हैं। एक पोस्टर में पूछा गया है कि वह कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि कब देंगे। दूसरे पोस्टर में अखिलेश यादव की करीब 20 करोड़ रुपये की वैनिटी वैन का जिक्र करते हुए सवाल किया गया है कि इसके लिए सड़क किसने बनवाई। इसके अलावा कई स्थानों पर अखिलेश यादव को ‘गिरगिटेश’ बताने वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं।
रायबरेली से PDA रथ यात्रा की शुरुआत
अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली से PDA रथ यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। सपा पहली बार यहां PDA रथ के जरिए विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने जा रही है। कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से यात्रा शुरू करके सपा की ओर से राजनीतिक संदेश देने की कोशिश भी की जा रही है। 17 सितंबर को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद जिले में छात्र और युवा राजनीति का माहौल पहले से ही गरम है।
14 जगहों पर अखिलेश के स्वागत की तैयारी
चुरुवा बॉर्डर से रायबरेली तक करीब 14 स्थानों पर अखिलेश यादव के स्वागत की तैयारी की गई है। इसके लिए स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अखिलेश यादव सुबह 11:15 बजे लखनऊ से कार से रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:15 बजे बछरावां के ग्राम चुरुआ से उनकी रथ यात्रा शुरू होगी।
रथ से अखिलेश यादव और अन्य नेता रायबरेली में घंटाघर चौराहे के पास स्थित हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे। यहां अखिलेश यादव करीब साढ़े तीन घंटे तक रहेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी करेंगे।
PDA रथ के जरिए सामाजिक न्याय का संदेश
अखिलेश यादव की इस यात्रा के रथ पर डॉ. भीमराव आंबेडकर और समाज सुधारकों की तस्वीरें लगाई गई हैं। इसके साथ सामाजिक न्याय से जुड़े नारे भी लिखे गए हैं। सपा की ओर से रथ यात्रा के जरिए पार्टी के PDA एजेंडे को सामने रखने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को भी उठाएगी सपा
रायबरेली में छात्र संगठनों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सपा नेताओं ने सवाल उठाए थे। हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं। अखिलेश यादव ने भी इस पूरे मामले को PDA पर हमले से जोड़ा है। ऐसे में रथ यात्रा के दौरान इस मुद्दे को राजनीतिक तौर पर उठाए जाने की संभावना है।
बछरावां से हरचंदपुर और फिर शहर तक जाएगा रथ
सपा की योजना के मुताबिक PDA रथ यात्रा बछरावां से शुरू होकर हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेगी और इसके बाद रायबरेली शहर की ओर जाएगी। सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हैं। सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के मुताबिक अखिलेश यादव का कार्यक्रम पांच घंटे से अधिक समय तक चलने की संभावना है।
Navyug Samachar