Saturday , 26 September 2026

अखिलेश रायबरेली जा सकते हैं तो हम भी इटावा-कन्नौज जाएंगे, अजय राय बोले- चुनाव में कोई भी कहीं आ-जा सकता है

यूपी डेस्क: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रायबरेली से पीडीए रथयात्रा शुरू करने को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की प्रतिक्रिया सामने आई है। अखिलेश यादव के कांग्रेस के गढ़ और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचने पर अजय राय ने कहा कि चुनाव का समय है और कोई भी कहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रायबरेली और अमेठी जा सकते हैं तो कांग्रेस भी कन्नौज, इटावा और सैफई जा सकती है।

अखिलेश यादव ने 24 सितंबर को रायबरेली से पीडीए रथयात्रा की शुरुआत की थी। उनका रायबरेली पहुंचना ऐसे समय हुआ, जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा सांसद इकरा हसन के बीच गठबंधन और सीटों को लेकर बयानबाजी सामने आई थी। इसी के बाद अखिलेश के रायबरेली दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हुईं।

सपा के गढ़ में जाने की बात पर अजय राय का जवाब

उत्तर प्रदेश में रायबरेली और अमेठी को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, जबकि इटावा, कन्नौज और सैफई समाजवादी पार्टी के प्रभाव वाले इलाके माने जाते हैं। मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव, डिंपल यादव और शिवपाल यादव इन इलाकों से चुनाव लड़ते और चुनावी राजनीति करते रहे हैं।

सैफई को लेकर भाजपा भी समाजवादी पार्टी पर कई बार निशाना साधती रही है। खास तौर पर सपा सरकार के दौरान आयोजित होने वाला सैफई महोत्सव भाजपा के निशाने पर रहा है।

‘सपा अपना काम कर रही, हम अपना काम कर रहे’

अजय राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपना काम कर रही है और कांग्रेस अपना काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी बैठी नहीं है और लगातार उन लोगों के बीच जा रही है, जो अत्याचार और प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता हाल ही में बरेली में मौलाना तौकिर के परिवार से मिलने गए थे और उन्हें हर तरह की मदद का भरोसा दिलाया गया। इसके अलावा लखनऊ में दलित युवक के परिवार से भी मुलाकात की गई। अजय राय ने कहा कि गोरखपुर में सरकार के भ्रष्टाचार के कारण श्मशान घाट पर मारे गए वकीलों के परिवार से भी कांग्रेस के लोग मिलने पहुंचे थे।

राहुल गांधी को लेकर कही यह बात

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश राहुल गांधी की तरफ देख रहा है और जिस तरह वह आम लोगों की आवाज उठा रहे हैं, उससे लोगों का उन पर भरोसा है।

उन्होंने कहा कि चुनावों में धांधली का मुद्दा सबसे पहले राहुल गांधी ने उठाया और लगातार इस मुद्दे को सामने रखते रहे हैं। अजय राय के मुताबिक, जिस मजबूती से राहुल गांधी ने चुनाव में धांधली की बात कही, उस तरह किसी और ने यह मुद्दा नहीं उठाया।

सीट बंटवारे पर अक्टूबर में फैसला

इमरान मसूद और इकरा हसन के बीच हुई बयानबाजी पर अजय राय ने सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि उन्होंने कहा कि सीटों को लेकर अक्टूबर में फैसला हो जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों दलों का नेतृत्व इस मुद्दे पर बातचीत करेगा। अजय राय ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर काम कर रही हैं।

 

Check Also

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात ने बदला यूपी का मौसम, 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

यूपी डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश के …