Saturday , 26 September 2026

लड़की के कपड़ों पर ऑटो ड्राइवर ने दी नसीहत, भड़की बेटी बोली- ‘घरवालों ने सिखाया है, ऐसी सोच वालों को पहले चार थप्पड़ मारो’

नेशनल डेस्क: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ऑटो ड्राइवर एक लड़की के पहनावे पर टिप्पणी करता नजर आ रहा है। ड्राइवर लड़की को उसके कपड़ों को लेकर नसीहत देने लगता है, जिसके बाद लड़की भड़क जाती है। वह ऑटो ड्राइवर को खरी-खरी सुनाते हुए कहती है कि उसके घरवालों ने उसे सिखाया है कि अगर कोई ऐसी सोच वाला व्यक्ति मिले तो पहले उसे वहीं खींचकर चार थप्पड़ मारो, फिर बात करो। हालांकि, यह वीडियो कब का है और कहां का है, इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

वीडियो सामने आने के बाद लड़की की बेबाक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। वीडियो में वह ड्राइवर को उसके पहनावे पर टिप्पणी करने को लेकर जवाब देती दिखाई दे रही है।

ऑटो में बैठी लड़की को कपड़ों पर देने लगा नसीहत

वायरल वीडियो के एक हिस्से में लड़की ऑटो में बैठी दिखाई देती है। इसी दौरान ऑटो ड्राइवर उसके कपड़ों को लेकर बात शुरू कर देता है और उसे पहनावे के बारे में समझाने लगता है। लड़की इस पर नाराज हो जाती है और ड्राइवर को उसी के सामने जवाब देती है।

लड़की कहती है कि उसके घरवालों ने उसे सिखाया है कि अगर कोई उसके कपड़ों पर टिप्पणी करे तो उसे वहीं खींचकर चार थप्पड़ लगा दो। वीडियो में ड्राइवर इस बात पर हंसता हुआ भी नजर आता है।

‘कपड़ों में दिक्कत थी क्या?’

बताया जा रहा है कि लड़की ने जीन्स और टॉप पहना हुआ था। ऑटो ड्राइवर उसके पहनावे को ‘हॉट कपड़े’ बताता है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि किसी लड़की के कपड़ों को लेकर टिप्पणी करने का अधिकार आखिर किसी दूसरे व्यक्ति को किसने दिया।

वीडियो के साथ साझा की गई पोस्ट में कहा गया कि समस्या लड़की के कपड़ों में नहीं, बल्कि उसे देखने वाली सोच में है। पोस्ट में कपड़ों को किसी लड़की के चरित्र से जोड़ने पर भी सवाल उठाया गया।

कपड़े किसी के चरित्र की पहचान हैं क्या?

संजू ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि असल समस्या लड़की के कपड़ों में नहीं, बल्कि ड्राइवर की सोच में है। उन्होंने कहा कि किसी लड़की के कपड़े उसके चरित्र को परिभाषित नहीं कर सकते। पोस्ट में यह भी कहा गया कि किसी महिला की सुरक्षा इस बात पर निर्भर नहीं होनी चाहिए कि उसने क्या पहना है, वह कहां बैठती है या कितनी सावधानी से चलती है।

संजू ने आगे लिखा कि लड़कियों को यह बताने के बजाय कि उन्हें क्या पहनकर घर से निकलना चाहिए, लड़कों और समाज को दूसरों की सीमाओं और सम्मान का ध्यान रखना सिखाया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी जताई नाराजगी

वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने ऑटो ड्राइवर के रवैये पर नाराजगी जताई। एक यूजर ने लिखा कि सुरक्षा और सम्मान किसी के पहनावे पर निर्भर नहीं होते। यूजर ने कहा कि समाज को कपड़ों पर सवाल उठाने के बजाय अपनी सोच पर ध्यान देना चाहिए।

एक अन्य यूजर ने ऑटो ड्राइवर को लेकर लिखा कि ऐसे मामले में पहले उसे पीटो, फिर बात होगी। वीडियो पर इसी तरह की कई प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

 

Check Also

पत्नी को मायके छोड़ नाबालिग साली को लेकर फरार हुआ जीजा, गवाही में बदले बयान तो DNA रिपोर्ट बनी अहम सबूत; कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा

बिहार डेस्क: मुंगेर के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को लेकर फरार होने …