Saturday , 26 September 2026

यूपी में कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण… अमित शाह ने गिनाईं यूपी की बदली तस्वीर

यूपी डेस्क: ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में आए बदलाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी, शहर-शहर वाहन चोरी के कुटीर उद्योग लगते थे और अवैध कट्टे बनाए जाते थे। आज उसी उत्तर प्रदेश में कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण और चेन स्नैचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि यह बदलाव डबल इंजन की सरकार में आया है और उत्तर प्रदेश देश-दुनिया के निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री गुरुवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

देश का विकास इंजन बनने की दिशा में यूपी

अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश की स्थिति ऐसी थी कि लखनऊ में औद्योगिक निवेश सम्मेलन आयोजित नहीं किया जा सकता था। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इसका आयोजन दिल्ली में कराया था। उन्होंने कहा कि आज वही उत्तर प्रदेश निवेश के केंद्र के रूप में देश का विकास इंजन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि निवेश के लिए कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली व्यवस्था जरूरी है। उनके मुताबिक उत्तर प्रदेश में ये सभी परिस्थितियां मौजूद हैं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश ने वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य तय किया है।

यूपी के डिफेंस कॉरिडोर में बढ़ रहा निवेश

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में डिफेंस कॉरिडोर के छह नोड विकसित किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए निवेश आ रहा है।

उन्होंने कहा कि देश का रक्षा उत्पादन अब करीब 1.78 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है और 2013-14 की तुलना में रक्षा उत्पादों के निर्यात में 56 गुना वृद्धि हुई है। भारत के रक्षा उत्पाद आज करीब 80 देशों को निर्यात किए जा रहे हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर के साथ बुनियादी ढांचे और अनुकूल नीतियों के जरिए निवेश को सुगम बनाने का काम किया है। अमेठी में निर्मित एके-203 राइफल और उत्तर प्रदेश में बन रहे अन्य रक्षा उत्पाद प्रदेश की नई औद्योगिक क्षमता को दर्शाते हैं।

ओडीओपी ने बदली रोजगार की तस्वीर

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की महत्वपूर्ण भूमिका है। परंपरागत उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि कभी रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने वाले प्रदेश के युवाओं को अब अपने ही राज्य में रोजगार और उद्यम के अवसर मिल रहे हैं। भदोही का कालीन, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठ कला, कन्नौज का इत्र और बनारस की रेशमी साड़ी ने देश-दुनिया में पहचान बनाई है।

अमित शाह ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों के साथ वाराणसी की मलाईयो, तिरंगा बर्फी, आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा और मेरठ की गजक जैसे उत्पादों को भी व्यापक बाजार मिलेगा।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो बनेगा वैश्विक व्यापार का मंच

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में देश-दुनिया से आए खरीदारों और उद्यमियों की भागीदारी प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री की संभावनाओं को बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि पहले संस्करण में राष्ट्रपति, दूसरे संस्करण में उपराष्ट्रपति और तीसरे संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति रही थी। चौथे संस्करण के उद्घाटन में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है।

अमित शाह ने बताया कि वर्ष 2025 के ट्रेड शो में पांच लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था और 2,400 से अधिक एमओयू हुए थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के आयोजन से पिछले सभी रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार को ट्रेड शो के आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश इसी प्रकार विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।

 

Check Also

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात ने बदला यूपी का मौसम, 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

यूपी डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश के …