Saturday , 26 September 2026

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात ने बदला यूपी का मौसम, 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

यूपी डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत करीब 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। लखनऊ में पिछले 20 घंटे से हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं और मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात से बना मॉनसून सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई है, जबकि अगले 24 घंटे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में भी बदलाव हो सकता है। प्रदेश में 27 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

13 जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या के आसपास के इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 और 26 सितंबर को कई इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसका असर 27 सितंबर तक बने रहने की संभावना है।

29 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

प्रदेश के 29 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 52 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

गुरुवार शाम तक प्रयागराज में 26 मिलीमीटर, सुल्तानपुर में 20.8 मिलीमीटर, अमेठी में 19.8 मिलीमीटर और गोरखपुर में 14.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बाराबंकी, अयोध्या, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र और महाराजगंज में भी मध्यम बारिश हुई।

चार डिग्री तक गिर सकता है तापमान

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले चार दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में करीब चार डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में मौसम सुहावना होने के साथ तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है।

27-28 सितंबर तक पूरे यूपी में बारिश का सिस्टम

अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से वापस लौट चुका है। अब उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

उनके मुताबिक लौटता हुआ मानसून 27-28 सितंबर तक पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का सिस्टम बनाए रख सकता है। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य 726.1 मिलीमीटर के मुकाबले 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अब तक 680.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

 

Check Also

लखनऊ में कुकरैल से सर्वोदय नगर तक बनेगी एलिवेटेड रोड, 3 लाख लोगों को मिलेगी राहत; जनवरी 2027 तक शुरू हो सकता है काम

यूपी डेस्क: राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कुकरैल से सर्वोदय …