Monday , 28 September 2026

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में युवा कारोबारियों का जलवा! 15 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे, 2 लाख की बिक्री और 1,150 B2B पूछताछ से खुले नए बाजार के रास्ते

ग्रेटर नोएडा: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में आयोजित सीएम युवा एक्सपो के जरिए प्रदेश के युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद और कारोबारी मॉडल पेश करने के साथ नए बाजार तलाशने का मौका मिल रहा है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में एक्सपो के दूसरे दिन युवा कारोबारियों के उत्पादों, नए कारोबारी विचारों और सफल बिजनेस मॉडल को व्यापक मंच मिला। इस दौरान करीब 15 हजार से अधिक लोग एक्सपो में पहुंचे और युवा उद्यमियों के उत्पादों व सेवाओं में रुचि दिखाई।

दूसरे दिन करीब 2 लाख रुपये की B2C बिक्री दर्ज की गई। वहीं संभावित खरीदारों, वितरकों और कारोबारी साझेदारों से 1,150 B2B पूछताछ मिलीं। इससे युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार, कारोबारी संपर्क और विस्तार की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिला।

मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने युवा उद्यमियों से किया संवाद

एक्सपो के दूसरे दिन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न हॉल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सीएम युवा के स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों और कारोबारी मॉडलों की जानकारी ली। अधिकारियों ने युवा उद्यमियों से उनके कारोबार, बाजार विस्तार और सीएम युवा योजना के जरिए मिले सहयोग को लेकर भी बातचीत की।

थीम पवेलियन में दिखे कारोबार के अलग-अलग मॉडल

थीम पवेलियन में आयोजित सत्र के दौरान प्रोजेक्ट गंगा, मिलेनस्ट-जैविक फूड, द मास्टर ब्रांड्स, पिज्जा ओडिला और द पर्ल टाउन ने अपने उत्पादों और कारोबारी मॉडल प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

इस सत्र के जरिए युवा प्रतिभागियों को यह समझने का अवसर मिला कि बाजार की जरूरत के मुताबिक किसी उत्पाद को विकसित कर उसे कारोबार में कैसे बदला जा सकता है।

पिच टैंक में विशेषज्ञों के सामने पेश किए कारोबारी आइडिया

दूसरे दिन आयोजित पिच टैंक में एमिटी यूनिवर्सिटी, आईपीईसी कॉलेज, आईटीएस और जीएल बजाज समेत विभिन्न संस्थानों से चुने गए प्रतिभागियों ने निर्णायक मंडल के सामने अपने कारोबारी विचार और मॉडल रखे।

प्रतिभागियों ने अपने उत्पादों और सेवाओं, लक्षित बाजार, आय के मॉडल, कारोबार के विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर प्रस्तुतियां दीं। इस मंच से युवाओं को अपने कारोबारी विचारों पर विशेषज्ञों की राय लेने और उन्हें बाजार की जरूरत के अनुरूप बेहतर बनाने का अवसर मिला।

सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बाजार से जोड़ने पर भी फोकस

सीएम युवा योजना के जरिए युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए सहयोग देने के साथ उनके कारोबार को बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। सीएम युवा एक्सपो इसी उद्देश्य से एक अहम मंच के रूप में सामने आया है।

यहां युवा उद्यमियों को उत्पाद प्रदर्शन और बिक्री के अलावा B2B संपर्क, ब्रांडिंग, वितरण नेटवर्क और कारोबार विस्तार के अवसर मिल रहे हैं। फ्रेंचाइजी, मशीन आपूर्ति और बिजनेस ऑन व्हील्स जैसे अलग-अलग कारोबारी मॉडल भी एक्सपो में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

स्थानीय हुनर को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने की कोशिश

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सीएम युवा की भागीदारी का उद्देश्य प्रदेश के युवा उद्यमियों को स्थानीय बाजार से आगे राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंच दिलाना है। देश-विदेश से पहुंचे खरीदारों, कारोबारी प्रतिनिधियों और संभावित साझेदारों के सामने युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद और सेवाएं पेश करने का अवसर मिल रहा है।

एक्सपो में उत्पाद प्रदर्शन, पिच टैंक, कारोबारी प्रस्तुतियों और B2B संपर्क जैसी गतिविधियों के जरिए युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार और कारोबार विस्तार के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी एक्सपो में कारोबार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां जारी रहेंगी।

 

Check Also

ज्ञानेश कुमार पर विपक्ष का ‘एक्शन प्लान’ तैयार! 30 सितंबर को INDIA गठबंधन की बड़ी बैठक, SIR से लेकर Removal Notice तक बनेगी रणनीति

नई दिल्ली: वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश …