
नेशनल डेस्क: अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सैलरी पैकेज अकाउंट में है और आप दूसरे बैंकों के ATM से पैसे निकालते हैं, तो 1 अक्टूबर 2026 से आपके लिए ATM ट्रांजैक्शन के नियम बदलने वाले हैं। SBI सैलरी पैकेज अकाउंट ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के ATM और ADWM से हर महीने मिलने वाली मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा को 10 से घटाकर 5 करने जा रहा है। खास बात यह है कि इस सीमा में सिर्फ पैसे निकालना ही नहीं, बल्कि बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट जैसी गैर-वित्तीय सेवाएं भी शामिल होंगी।
अब दूसरे बैंक के ATM पर सिर्फ 5 ट्रांजैक्शन होंगे मुफ्त
अभी SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट ग्राहकों को दूसरे बैंकों के ATM और ADWM से हर महीने 10 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। 1 अक्टूबर से यह संख्या घटकर 5 हो जाएगी। इसका मतलब है कि महीने में दूसरे बैंक के ATM से किए गए पांच ट्रांजैक्शन तक कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।
इन पांच ट्रांजैक्शन में नकद निकासी के अलावा बैलेंस जांचना और मिनी स्टेटमेंट निकालना जैसी गैर-वित्तीय सेवाएं भी शामिल रहेंगी। यह बदलाव SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट के सभी वेरिएंट पर लागू होगा।
फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कितना लगेगा चार्ज?
अगर किसी ग्राहक के पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन पूरे हो जाते हैं और वह दूसरे बैंक के ATM से दोबारा नकद निकासी करता है, तो प्रत्येक अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर करीब 23 रुपये और GST का शुल्क लग सकता है।
वहीं, मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद बैलेंस चेक करने या मिनी स्टेटमेंट जैसी गैर-वित्तीय सेवा लेने पर करीब 11 रुपये और GST प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क देना पड़ सकता है।
SBI के ATM से ट्रांजैक्शन पर क्या बदलेगा?
यह बदलाव दूसरे बैंकों के ATM और ADWM पर किए जाने वाले ट्रांजैक्शन से संबंधित है। SBI के अपने ATM पर सैलरी पैकेज अकाउंट ग्राहकों के लिए उपलब्ध मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा पर इस बदलाव का असर नहीं होगा। यानी SBI के ATM का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए यह नया नियम लागू नहीं होगा।
क्या दूसरे SBI खाताधारकों पर भी पड़ेगा असर?
यह बदलाव SBI के सामान्य खाताधारकों के लिए नहीं है। दूसरे प्रकार के SBI खातों से जुड़े ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के ATM से मिलने वाली मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा में इस बदलाव की बात नहीं कही गई है। नया नियम खास तौर पर सैलरी पैकेज अकाउंट ग्राहकों के लिए लागू होगा।
Navyug Samachar