
झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में सुखनई नदी में जल तर्पण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र की रानीपुर चौकी के अंतर्गत देवरी सिंह पुरा में मंगलवार को हुए हादसे में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जल तर्पण के दौरान बिगड़ा अनूप तिवारी का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी के चाचा काशी प्रसाद तिवारी का पटा श्राद्ध कार्यक्रम था। मंगलवार को करीब 11:30 बजे अनूप तिवारी अपने 12 वर्षीय बेटे अर्पित, परिवार के ही 25 वर्षीय अभिनव तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और जालौन के हरेदाई निवासी 23 वर्षीय पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी पहुंचे थे। सभी पूर्वजों को जल तर्पण करने के लिए नदी में गए थे।
इसी दौरान अचानक अनूप तिवारी का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर उनके साथ मौजूद अर्पित, अभिनव, श्रेयांश और पुष्कर बचाने के लिए पानी में उतर गए।
पिता को बचाने उतरे बेटे समेत चारों भी डूबे
अनूप तिवारी को बचाने की कोशिश में चारों का भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पांचों लोग नदी की धार में बह गए और पानी में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण दौड़कर नदी किनारे पहुंचे।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पांचों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही मऊरानीपुर एसडीएम, सीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
गोताखोरों की मदद से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान
पुलिस ने ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नदी में बचाव अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, 25 वर्षीय अभिनव तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और जालौन के हरेदाई निवासी 23 वर्षीय पुष्कर शुक्ला के रूप में हुई है।
एक साथ पांच मौतों से गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही देवरी सिंह पुरा समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Navyug Samachar