
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारने का फैसला कर लिया है। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया है कि पार्टी का तीसरा प्रत्याशी मंगलवार सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेगा।
रविदास मेहरोत्रा के मुताबिक, तीसरे प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर करने के लिए उन्हें बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि तीसरे उम्मीदवार के नामांकन की प्रक्रिया के लिए आज ही प्रस्तावकों के हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं और मंगलवार सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल किया जाएगा।
रविदास मेहरोत्रा ने स्पष्ट किया कि वह सपा के तीसरे राज्यसभा प्रत्याशी के नामांकन में प्रस्तावक के तौर पर शामिल होंगे।
रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी पहले ही दाखिल कर चुके हैं नामांकन
समाजवादी पार्टी पहले ही प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दोनों प्रत्याशी अपना नामांकन भी दाखिल कर चुके हैं।
तीसरे उम्मीदवार को लेकर पिछले कई दिनों से सस्पेंस बना हुआ था। हालांकि, सपा की ओर से तीसरा प्रत्याशी उतारने की बात पहले भी पार्टी नेताओं की ओर से कही गई थी। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी इसकी पुष्टि की थी कि पार्टी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में तीसरा उम्मीदवार उतारेगी।
तीसरे प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा बाकी
रविदास मेहरोत्रा के ताजा दावे के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि सपा तीसरी सीट के लिए भी चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। हालांकि, तीसरे प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा अभी पार्टी की ओर से नहीं की गई है।
कल सुबह 11 बजे होगा नामांकन
रविदास मेहरोत्रा के बयान के मुताबिक, सपा के तीसरे प्रत्याशी का नामांकन मंगलवार सुबह 11 बजे होगा। नामांकन के दौरान सपा के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के मौजूद रहने की संभावना है।
तीसरे प्रत्याशी के मैदान में आने के बाद उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। सपा के पास अपने दम पर दो सीटों के लिए पर्याप्त संख्या बल माना जा रहा है, जबकि तीसरी सीट के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी।
अब नजर इस बात पर है कि अखिलेश यादव तीसरी सीट के लिए किस चेहरे को मैदान में उतारते हैं और उस उम्मीदवार के समर्थन में सपा कितने विधायकों को जुटा पाती है।
Navyug Samachar