
यूपी डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन में दूरदराज से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को उनकी शिकायतों के समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर उचित समस्या का तय समय में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पीड़ित एक ही समस्या को लेकर दोबारा जनता दर्शन में पहुंचता है और उसकी शिकायत वास्तविक पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है। यदि किसी व्यक्ति की समस्या वास्तविक है और उसका समय से निस्तारण नहीं हो पाया, तो इसे अक्षम्य माना जाएगा।
हर व्यक्ति तक पहुंचे CM योगी, सुनीं समस्याएं
जनता दर्शन में लोगों को कुर्सियों पर बैठाया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उनके पास पहुंचे और एक-एक कर लोगों की पीड़ा जानी। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण कराया जाए।
गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
जनता दर्शन के दौरान कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी दबंग ने किसी गरीब की जमीन पर कब्जा किया है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीन को अवैध या जबरन कब्जे से मुक्त कराया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जमीन को कब्जामुक्त कराने के साथ जबरन कब्जा करने वालों को कड़ा कानूनी सबक सिखाया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीड़ित को न्याय मिले और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Navyug Samachar