यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए के घोषणा पत्र की तारीख का ऐलान कर दिया है। सपा प्रमुख 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर पीडीए का ‘प्रणपत्र’ जारी करेंगे। उन्होंने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ बताया है। इस बीच कन्नौज में पीडीए सम्मेलन के दौरान अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुटने पर पार्टी संगठन में कार्रवाई की गई है।
संविधान दिवस पर जारी होगा पीडीए का प्रणपत्र
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर साझा कर घोषणा पत्र जारी करने की तारीख बताई। पोस्टर पर लिखा है, ‘सत्ताईस का संकल्प पीडीए का प्रणपत्र, संविधान दिवस 26 नवंबर 2026 के लोकतांत्रिक पावन अवसर पर हम जारी करेंगे जन-मन का मैनिफेस्टो।’
सपा प्रमुख ने अपने इस ऐलान के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के राजनीतिक एजेंडे को लेकर संकेत दिया है। हालांकि, प्रणपत्र में किन मुद्दों और वादों को शामिल किया जाएगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
कन्नौज में सम्मेलन में कम भीड़ पर संगठन पर कार्रवाई
इससे पहले कन्नौज में आयोजित पीडीए सम्मेलन में अपेक्षा के अनुरूप कार्यकर्ता नहीं पहुंचने का मामला सामने आया। कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की मौजूदगी के बावजूद कई कुर्सियां खाली दिखाई दीं। सम्मेलन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए, जिसके बाद पार्टी संगठन की तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष ने सम्मेलन में कम भीड़ जुटने के लिए जिला संगठन और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को जिम्मेदार माना। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी।
जिलाध्यक्ष कलीम खान को हटाने के निर्देश
मामले के बाद पार्टी संगठन में कार्रवाई की गई। पार्टी की ओर से रविवार को जारी पत्र में कन्नौज के जिलाध्यक्ष कलीम खान को हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला कार्यकारिणी और फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का उल्लेख किया गया।
कलीम खान ने बताया कि सम्मेलन में कम भीड़ पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ने नाराजगी जताई थी और इसी वजह से कार्रवाई हुई। हालांकि, उनके मुताबिक उन्हें अब तक आधिकारिक पत्र नहीं मिला था। उन्हें सोशल मीडिया और पार्टी नेताओं के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी मिली। समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव हसीब हसन ने भी कार्रवाई की पुष्टि की।
अखिलेश ने भाजपा पर लगाया फर्जी वोट बनवाने की साजिश का आरोप
अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहने की अपील भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी वोट बनवाने की साजिश कर रही है और चुनाव जीतने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाती है।
सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा, ‘भाजपा फर्जी वोट बनवाने की साजिश कर रही है। सत्तारूढ़ दल फर्जी वोट और बेईमानी को अपनी ताकत समझती है।’
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सतर्क रहने की नसीहत दी। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा की ओर से पीडीए के प्रणपत्र का ऐलान, कन्नौज संगठन में कार्रवाई और मतदाता सूची को लेकर लगाए गए आरोप राजनीतिक गतिविधियों के बीच अहम घटनाक्रम हैं।
Navyug Samachar
