Thursday , 12 November 2026

‘अब कुछ भी नहीं बचा…’ राजीव गांधी की आखिरी इच्छा पूरी करना चाहती थीं सोनिया, डॉक्टर के जवाब ने तोड़ दिया था दिल

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में पति और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़ा एक बेहद भावुक किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्हें अचानक अपने पति की एक आखिरी इच्छा याद आई थी। सोनिया उसे पूरा करना चाहती थीं, लेकिन डॉक्टर से मिला जवाब सुनकर वह पूरी तरह टूट गईं। यह इच्छा राजीव गांधी की आंखें दान करने से जुड़ी थी।

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि राजीव गांधी ने अपनी आंखें दान करने का फैसला किया था। उनकी मां और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया था। राजीव गांधी की हत्या के बाद जब सोनिया उन्हें देखने के लिए बेचैन थीं, उसी दौरान उन्हें उनकी इस इच्छा की याद आई।

राजीव गांधी की आंखें दान करने की थी इच्छा

सोनिया गांधी ने आत्मकथा में उस मुश्किल घड़ी को याद करते हुए लिखा कि राजीव को देखने की उनकी इच्छा लगातार बढ़ रही थी। बार-बार इंतजार करने के लिए कहे जाने के बावजूद वह उनसे मिलने की जिद कर रही थीं। इसी बीच उन्हें याद आया कि राजीव ने अपनी आंखें दान करने का फैसला किया था।

उन्होंने लिखा कि इस दुखद घटना और चारों तरफ मची अफरा-तफरी के बीच वह इस बात को भूल गई थीं। राजीव की इच्छा याद आते ही उन्होंने उसे पूरा कराने की कोशिश शुरू कर दी।

डॉक्टर के जवाब ने सोनिया गांधी को दिया गहरा सदमा

सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने परिवार के डॉक्टर से तुरंत बात करने की कोशिश की। उन्होंने पूछा कि क्या डॉ. माथुर वहां मौजूद हैं और उन्हें उनसे बेहद जरूरी बात करनी है।

लेकिन डॉक्टर का जवाब सुनकर सोनिया गांधी को गहरा सदमा लगा। उनके मुताबिक, डॉक्टर ने कहा, ‘आंखें? आप किस बारे में बात कर रही हैं? अब कुछ भी नहीं बचा है, कुछ भी नहीं!’

डॉक्टर की यह बात सुनकर सोनिया गांधी की हालत बिगड़ गई। उन्होंने अपनी किताब में लिखा कि उन्हें शारीरिक रूप से बहुत बुरा महसूस होने लगा और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। उस समय उनके मन में बेहद निराशाजनक विचार आने लगे। उन्हें इस बात का भी दुख था कि राजीव गांधी के निधन के वक्त वह उनके साथ नहीं थीं।

प्रियंका गांधी ने मुश्किल वक्त में संभाला

सोनिया गांधी ने बताया कि उस कठिन समय में उनकी बेटी प्रियंका गांधी उनके पास खड़ी थीं। उन्होंने अपनी मां को संभाला और इस गहरे सदमे से उबरने में उनका साथ दिया।

सोनिया गांधी के इस संस्मरण से राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार पर टूटे दुख और मानसिक पीड़ा की एक भावुक तस्वीर सामने आती है। उनकी आत्मकथा में दर्ज यह प्रसंग बताता है कि उस भयावह घटना के बीच सोनिया गांधी अपने पति की आखिरी इच्छा पूरी करने की कोशिश कर रही थीं।

Check Also

मोदी के एक मनीला दौरे से साधे जाएंगे भारत के दो बड़े रणनीतिक लक्ष्य! ट्रंप के साथ QUAD बैठक पर दुनिया की नजर

नई दिल्ली डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित फिलीपींस दौरा भारत की कूटनीति और हिंद-प्रशांत …