पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी उठापटक की चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधान परिषद चुनाव के बाद बीजेपी और जेडीयू के रिश्तों में खटास की अटकलों के बीच महागठबंधन के घटक दल इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के प्रमुख आईपी गुप्ता ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बीजेपी के 25 से 30 विधायकों को अपने साथ लाकर जेडीयू और महागठबंधन के सहयोग से सरकार बनाने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने निशांत कुमार के मुख्यमंत्री बनने को लेकर भी दावा किया कि उन्हें यह कुर्सी सिर्फ लालू प्रसाद यादव दिला सकते हैं।
सम्राट चौधरी को 25-30 विधायक साथ लाने की सलाह
आईपी गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को न दोस्त पसंद हैं और न दुश्मन। उनके मुताबिक, बीजेपी दोनों को खत्म करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि निशांत कुमार और जेडीयू के अन्य नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं बीजेपी के साथ रहकर पूरी नहीं हो सकतीं।
निशांत कुमार के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर आईपी गुप्ता ने कहा कि अगर उन्हें कोई मुख्यमंत्री बना सकता है तो वह लालू प्रसाद यादव हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी को भी बीजेपी से सतर्क रहने की सलाह दी।
आईपी गुप्ता का आरोप है कि बीजेपी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री तो बना दिया है, लेकिन पार्टी के भीतर उनके खिलाफ साजिश और भीतरघात की कोशिश हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि सम्राट चौधरी बीजेपी के 25 से 30 विधायकों को तोड़कर जेडीयू के साथ आएं और महागठबंधन के समर्थन से नई सरकार बनाएं। उनका दावा है कि बीजेपी के कुछ नेता सम्राट चौधरी को बदनाम करने में जुटे हैं।
भाई वीरेंद्र भी कर चुके हैं बिहार में ‘खेला’ का दावा
बिहार में सियासी हलचल की चर्चा इससे पहले आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र के बयान के बाद भी तेज हुई थी। उन्होंने दावा किया था कि राज्य में जल्द ही बड़ा राजनीतिक खेल होने वाला है।
दरअसल, विधान परिषद चुनाव के बाद जेडीयू के कुछ नेताओं की नाराजगी सामने आई थी। जेडीयू को हराने वाले निर्दलीय विधान परिषद सदस्य बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के बीजेपी के साथ जाने के बाद पार्टी के भीतर सवाल उठने लगे थे।
तिरहुत स्नातक सीट से प्रत्याशी रहे अभिषेक झा और सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने भी बिना किसी का नाम लिए अपनी नाराजगी जाहिर की थी। वहीं, सारण शिक्षक सीट से जेडीयू के उम्मीदवार रहे आनंद पुष्कर ने चुनाव हारने के बाद बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी और राधा मोहन सिंह पर चुनाव में छल करने का आरोप लगाया था।
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भी राहुल राज के बीजेपी नेताओं के साथ नजर आने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा था कि जिस नेता को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया था, उसे इतनी जल्दी बीजेपी में कैसे शामिल कर लिया गया? इन घटनाओं के बीच भाई वीरेंद्र ने बिहार में ‘खेला’ होने की बात कही थी।
जेडीयू ने बीजेपी से अनबन की खबरों को किया खारिज
बीजेपी और जेडीयू के बीच रिश्तों में दरार की अटकलों को जेडीयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने खारिज किया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि दोनों दल एकजुट हैं और मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
फिलहाल आईपी गुप्ता के ताजा बयान पर बीजेपी और जेडीयू के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, उनके इस बयान ने बिहार में संभावित राजनीतिक समीकरणों और सत्ता के भविष्य को लेकर नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है।
Navyug Samachar
