
नई दिल्ली: आईपीएल में कुछ खिलाड़ियों ने अपने पूरे करियर में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेला है, जबकि कई ऐसे भी हैं जिन्हें हर कुछ साल में नई टीम का साथ मिला। कुछ खिलाड़ियों को अलग-अलग फ्रेंचाइजी ने बार-बार नीलामी में खरीदा है। इस मामले में भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट सबसे आगे हैं। वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार नीलामी में बिकने वाले खिलाड़ी हैं। उनादकट अब तक 13 बार नीलामी में खरीदे जा चुके हैं। आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी में उनके 14वीं बार बिकने की संभावना भी जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सनराइजर्स हैदराबाद उन्हें अपनी टीम से रिलीज कर सकती है और कोई दूसरी फ्रेंचाइजी कम कीमत पर बैकअप गेंदबाज के तौर पर खरीद सकती है।
जयदेव उनादकट – 13 बार बिके
जयदेव उनादकट ने आईपीएल में अपने सफर की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स से की थी। 2011 की नीलामी में कोलकाता ने उन्हें करीब 1.13 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उनादकट पर 2.79 करोड़ रुपये खर्च किए।
2014 और 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें क्रमशः 2.8 करोड़ और 1.1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। 2016 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए 1.6 करोड़ रुपये खर्च किए। वहीं, 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा।
उनादकट के लिए 2018 की नीलामी बेहद खास रही। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 11.5 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा। 2019 में राजस्थान ने एक बार फिर उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जबकि 2020 में फ्रेंचाइजी ने उन पर 3 करोड़ रुपये खर्च किए।
इसके बाद 2022 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.3 करोड़ रुपये में खरीदा। 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 50 लाख रुपये और 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.6 करोड़ रुपये में उन्हें अपने साथ जोड़ा। 2025 की नीलामी में हैदराबाद ने एक बार फिर उनादकट को एक करोड़ रुपये में खरीदा। इस तरह वह कुल 13 बार आईपीएल नीलामी में बिकने वाले खिलाड़ी बन गए।
नाथन कूल्टर-नाइल – 7 बार बिके
इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन कूल्टर-नाइल दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें आईपीएल नीलामी में सात बार खरीदा गया है। 2013 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 3 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
इसके बाद 2014, 2015 और 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने लगातार तीन नीलामियों में उन पर भरोसा जताया। दिल्ली ने हर बार उन्हें 4.25 करोड़ रुपये में खरीदा। 2017 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने कूल्टर-नाइल को 3.5 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा।
2020 की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें वापस खरीदने के लिए 8 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके बाद 2022 में राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी बार उन्हें 2 करोड़ रुपये में खरीदा। इस तरह कूल्टर-नाइल के नाम सात बार नीलामी में बिकने का रिकॉर्ड दर्ज है।
मोहित शर्मा – 7 बार बिके
भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा भी आईपीएल नीलामी में सात बार खरीदे जा चुके हैं। उन्होंने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। उस समय चेन्नई ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था।
2016 में किंग्स इलेवन पंजाब ने मोहित पर 6.5 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके बाद 2018 में पंजाब ने उन्हें 2.4 करोड़ रुपये में दोबारा अपनी टीम में शामिल किया। 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें वापस लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए।
2020 में दिल्ली कैपिटल्स ने मोहित को 50 लाख रुपये में खरीदा। इसके बाद 2023 में गुजरात टाइटंस ने भी उन्हें 50 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। 2025 की मेगा नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर मोहित शर्मा पर भरोसा जताया और उन्हें 2.2 करोड़ रुपये में खरीदा। इस तरह वह सात बार नीलामी में बिकने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं।
अमित मिश्रा – 7 बार बिके
भारत के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा भी आईपीएल नीलामी में सात बार खरीदे जा चुके हैं। 2008 में आईपीएल की पहली नीलामी के दौरान दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था।
2011 में डेक्कन चार्जर्स ने अमित मिश्रा पर 2.25 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके अगले साल यानी 2012 में इसी फ्रेंचाइजी ने उन्हें 4.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
2013 और 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार दो बार उन पर भरोसा जताया और दोनों ही बार 4.75-4.75 करोड़ रुपये खर्च किए। 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें 3.5 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके बाद 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उनके आधार मूल्य 50 लाख रुपये में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। इस तरह अमित मिश्रा भी सात बार नीलामी में बिकने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं।
पैट कमिंस – 6 बार बिके
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं। वह आईपीएल नीलामी में छह बार खरीदे जा चुके हैं। 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें एक करोड़ रुपये में खरीदा था।
2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने कमिंस पर 4.5 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके अगले साल 2018 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 5.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। 2020 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने कमिंस के लिए बड़ी बोली लगाई और उन्हें 15.5 करोड़ रुपये में खरीदा।
2022 में कोलकाता ने एक बार फिर उन्हें 7.25 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। इसके बाद 2024 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने कमिंस को 20.5 करोड़ रुपये में खरीद लिया। इस बड़ी बोली के साथ वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
इन खिलाड़ियों के नाम भी छह बार बिकने का रिकॉर्ड
पैट कमिंस के अलावा युवराज सिंह, ग्लेन मैक्सवेल और दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ी भी आईपीएल नीलामी में छह बार खरीदे जा चुके हैं। अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ खेलने और बार-बार नीलामी में उतरने के कारण इन खिलाड़ियों ने भी इस सूची में अपनी जगह बनाई है।
Navyug Samachar