Sunday , 15 November 2026

हापुड़ में 1.40 लाख रुपये के विवाद में फायरिंग, बेटे को तलाशते पहुंचे आरोपियों ने पिता पर चलाईं तीन गोलियां

हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में महज 1.40 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद हिंसक वारदात में बदल गया। आरोप है कि उधार की रकम वापस नहीं मिलने से नाराज तीन युवक हथियार लेकर संदीप शर्मा के घर पहुंचे। उनका निशाना संदीप का बेटा अविरल था, लेकिन घर के बाहर पिता दिखाई दे गए। इसके बाद मुख्य आरोपी ने 32 बोर की पिस्टल से उन पर तीन गोलियां चला दीं। संदीप शर्मा इस हमले में बाल-बाल बच गए। गोलियां घर के बाहर खड़ी कार में जा लगीं। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

1.40 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर था विवाद

मामला हापुड़ कोतवाली नगर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी का है। यहां 12 नवंबर को संदीप शर्मा के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप शर्मा के बेटे अविरल और मुख्य आरोपी कन्हैया चंदेला के बीच 1.40 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश में अविरल को निशाना बनाने की योजना बनाई गई और तीनों आरोपी उसके घर पहुंच गए।

बेटा नहीं मिला तो पिता पर कर दी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की योजना अविरल पर हमला करने की थी, लेकिन मौके पर उसके पिता संदीप शर्मा दिखाई दे गए। इसके बाद मुख्य आरोपी कन्हैया ने 32 बोर की पिस्टल निकालकर उन पर तीन गोलियां चला दीं।

अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, संदीप शर्मा गोलियों की चपेट में आने से बच गए और गोलियां घर के बाहर खड़ी कार में जा लगीं। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

बदनौली फाटक पर घेराबंदी कर पकड़े गए तीनों आरोपी

घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग में शामिल आरोपी स्विफ्ट कार से बदनौली फाटक के रास्ते गाजियाबाद की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोक लिया। उसमें सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान गाजियाबाद जिले के मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी खुर्द निवासी कन्हैया चंदेला उर्फ केसी गुर्जर, करन और हर्ष के रूप में की है।

पिस्टल, कारतूस और दो चाकू बरामद

पुलिस ने तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी कन्हैया चंदेला उर्फ केसी गुर्जर के पास से वारदात में इस्तेमाल 32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं, करन और हर्ष के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू मिला। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

सीएम योगी ने किया ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन, यूपी के वीर सैनिकों के पराक्रम और बलिदान को मिला सम्मान

मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में …