
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई शनिवार, 14 नवंबर को अलीगढ़ में एक ही समारोह में होगी। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में होने वाले इस दोहरे आयोजन में कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों, सांसदों तथा अन्य प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह की भव्यता और वीवीआईपी मेहमानों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के लिए करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के पोते और पूर्व सांसद राजवीर सिंह के बेटे हैं। 35 वर्षीय संदीप की शादी उनकी बचपन की दोस्त मेघना चौधरी से तय हुई है। मेघना का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गौंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। स्कूल के दिनों में शुरू हुई दोस्ती अब शादी के रिश्ते में बदलने जा रही है।
वहीं, संदीप के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की शादी सहारनपुर निवासी कारोबारी और वरिष्ठ पत्रकार देवेश त्यागी की बेटी अंतरा त्यागी से तय हुई है। बताया जाता है कि सौरभ और अंतरा साथ पढ़ाई करते थे। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता विवाह तक पहुंच गया।
तालानगरी ग्राउंड में एक साथ होंगी सगाई की रस्में
अलीगढ़ के तालानगरी स्थित ग्राउंड में शनिवार को दोनों भाइयों की सगाई का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसकी खास बात यह है कि दोनों की रस्में एक ही मंच पर पूरी होंगी। आयोजन को यादगार बनाने के लिए समारोह स्थल पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
दोनों भाइयों का विवाह समारोह 26 नवंबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद
सगाई समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह दोपहर 3:30 बजे समारोह में पहुंचेंगे। इससे पहले वह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी गई है।
इनके अलावा कई अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के जनप्रतिनिधियों के भी समारोह में पहुंचने की संभावना है।
वीवीआईपी मेहमानों के लिए 800 लोगों की बैठने की व्यवस्था
समारोह में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग वीवीआईपी पंडाल तैयार किया गया है। इसमें करीब 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के भी आयोजन में शामिल होने की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
वीवीआईपी पंडाल में प्रवेश के लिए विशेष पास जारी किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी और पास दिखाने के बाद ही मेहमानों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।
सुरक्षा के लिए 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती
दोनों भाइयों की सगाई को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पीएसी के जवानों के साथ जिले के विभिन्न थानों का पुलिस बल भी शामिल होगा।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज जादौन ने शुक्रवार को समारोह स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया और वीवीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा का मजबूत घेरा बनाया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की मदद भी ली जाएगी।
Navyug Samachar