Sunday , 15 November 2026

योगी के अलर्ट के बाद भाजपा का ‘मिशन 25 हजार’, हर विधानसभा में छूटे वोटरों को जोड़ने की तैयारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में नाम कटने पर चिंता जताए जाने के बाद पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र में छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने का अभियान शुरू करने का फैसला किया है। ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ की शुरुआत 19 नवंबर से होगी। इसके तहत हर बूथ पर कम से कम 50 पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा था कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि आखिर हिंदू मतदाताओं की संख्या कम कैसे हो गई। इसके बाद भाजपा संगठन सक्रिय हुआ और गुरुवार को SIR को लेकर हुई बैठक में बूथ स्तर तक अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।

पार्टी की योजना के मुताबिक, हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 25 हजार मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा का मानना है कि यदि प्रत्येक विधानसभा में 10 हजार से 25 हजार तक छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़ जाते हैं तो इसका चुनावी लाभ मिल सकता है।

फॉर्म 6, 7 और 8 के इस्तेमाल पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और अपात्र नाम हटवाने के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 का सही तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी करना संवैधानिक दायित्व है। इसलिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश होनी चाहिए कि भाजपा समर्थक वर्ग के पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची से छूटने न पाएं।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी का आकलन है कि यदि 40 लाख से 80 लाख तक नाम दोबारा जुड़ जाते हैं तो यह उसके लिए पर्याप्त होगा। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जा रहा है।

महिलाओं और पहली बार वोट देने वालों पर खास ध्यान

योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर भी विशेष जोर दिया है। उनका कहना है कि शादी के बाद कई महिलाओं के नाम मायके की मतदाता सूची से कट जाते हैं, लेकिन ससुराल की सूची में नहीं जुड़ पाते। ऐसी महिलाओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनके नाम जुड़वाए जाएं।

इसके अलावा उन युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया गया है, जो 1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।

प्रवासी मतदाताओं को जोड़ने की भी तैयारी

मुख्यमंत्री ने दूसरे शहरों में काम करने वाले प्रवासी मतदाताओं पर भी ध्यान देने को कहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के कई लोग नौकरी के लिए नोएडा और दिल्ली में रहते हैं। ऐसे में कई बार उनका नाम गांव की मतदाता सूची से कट जाता है, लेकिन शहर की सूची में नहीं जुड़ पाता।

योगी ने ऐसे मतदाताओं के परिवारों से संपर्क कर उनके नाम जुड़वाने की बात कही है। साथ ही संदिग्ध नामों की जांच करने और ऐसी जानकारी मिलने पर चुनाव आयोग तथा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।

17 नवंबर को मथुरा में भाजपा की अहम बैठक

भाजपा की चुनावी रणनीति को लेकर 17 नवंबर को मथुरा में एक अहम बैठक होने जा रही है। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, पंकज चौधरी और राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी बैठक में मौजूद रहेंगे। वह गुरुवार को दिल्ली जाकर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात कर चुके हैं।

Check Also

सीएम योगी ने किया ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन, यूपी के वीर सैनिकों के पराक्रम और बलिदान को मिला सम्मान

मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में …