Saturday , 14 November 2026

वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल की उम्र में रचा इतिहास, लेकिन कप्तानी का पहला मैच हार गए; बल्ले से भी नहीं दिखा दम

इंदौर: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी संभालकर इतिहास रच दिया। 15 साल की उम्र में टी-20 टीम की कमान संभालते ही वह इस प्रारूप में कप्तानी करने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए। हालांकि, उनके लिए यह ऐतिहासिक शुरुआत मैदान पर यादगार नहीं बन सकी। वैभव का बल्ला नहीं चला और उनकी टीम को पहले ही मुकाबले में सौराष्ट्र के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

इंदौर के होलकर स्टेडियम में टॉस के लिए उतरते ही वैभव ने यह उपलब्धि अपने नाम की। आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके इस युवा खिलाड़ी से कप्तानी के पहले मैच में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए वैभव

बिहार की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने 12 गेंदों का सामना करते हुए 18 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150 का था।

वैभव के आउट होने के बाद बिहार की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। सौराष्ट्र के गेंदबाजों के सामने टीम का कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। बिहार ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 137 रन बनाए और सौराष्ट्र के सामने 138 रन का लक्ष्य रखा।

बिहार की ओर से पृथ्वीराज ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उन्होंने 27 गेंदों का सामना किया। कप्तान जयदेव उनादकट को एक विकेट मिला, जबकि चेतन सकारिया और प्रेरक मांकड़ ने तीन-तीन विकेट चटकाए। फुलेत्रा को एक सफलता मिली।

सौराष्ट्र ने 16.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

138 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम ने शुरुआत से ही रन बनाने की कोशिश की। विश्वराज जडेजा ने 18 रन और हार्विक देसाई ने 21 रन का योगदान दिया। हरवंश पंगालिया ने महज 11 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम की जीत आसान कर दी। प्रेरक मांकड़ ने भी 16 रन बनाए।

सौराष्ट्र ने 16.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह टीम ने बिहार को पांच विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जयदेव उनादकट के साथ मैदान साझा करना भी रहा खास

वैभव सूर्यवंशी के लिए यह मुकाबला एक और वजह से खास रहा। टॉस के दौरान बिहार के कप्तान वैभव के सामने सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट थे। प्रेजेंटर ने इस मौके पर दोनों खिलाड़ियों के करियर के बीच उम्र का अंतर भी बताया।

बताया गया कि जब वैभव का जन्म हुआ था, उस समय जयदेव उनादकट अपना क्रिकेट करियर शुरू कर चुके थे और भारतीय टीम के लिए पदार्पण भी कर चुके थे। अब दोनों खिलाड़ी एक ही मैदान पर आमने-सामने कप्तान के तौर पर उतरे।

हालांकि, वैभव के लिए टी-20 कप्तानी की शुरुआत व्यक्तिगत और टीम के प्रदर्शन के लिहाज से अच्छी नहीं रही। इसके बावजूद 15 साल की उम्र में बिहार की कप्तानी संभालकर उन्होंने क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि जरूर हासिल की।

Check Also

हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स में लाने की क्या है असली वजह? मोहित बर्मन ने खोले ट्रेड डील के राज

नई दिल्ली: आईपीएल में हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में शामिल करने …